केजरीवाल-भगवंत मान आज अमृतसर में: धार्मिक कार्यक्रम में होंगे शामिल, हलवारा एयरपोर्ट से भरेंगे उड़ान
मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज अमृतसर आएंगे। वे पाइटेक्स ग्राउंड, रंजीत एवेन्यू में आयोजित भगवान शिव के नाम एक शाम कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी भगवान शिव की महिमा का गुणगान करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन सनातन सेवा समिति पंजाब तथा पंजाब सरकार के पर्यटन एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम शनिवार शाम 6:30 बजे शुरू होगा। संत-महापुरुषों, विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजन में प्रवेश सभी श्रद्धालुओं के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। कार्यक्रम स्थल पर विशाल मंच और भव्य पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने, पेयजल, पार्किंग, चिकित्सा एवं सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण पर्यटन एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के सलाहकार दीपक बाली, जिलाधीश दलविंदरजीत सिंह, पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर तथा सनातन सेवा समिति पंजाब के अध्यक्ष विजय शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया और तैयारियों की समीक्षा की। पर्यटन एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने और अपनी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राजनीति से ऊपर उठकर समाज के कल्याण और आध्यात्मिक जागरूकता के लिए समर्पित है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 27, 2026, 11:06 IST
केजरीवाल-भगवंत मान आज अमृतसर में: धार्मिक कार्यक्रम में होंगे शामिल, हलवारा एयरपोर्ट से भरेंगे उड़ान #CityStates #Amritsar #Chandigarh-punjab #Ludhiana #ArvindKejriwal #BhagwantMann #AmritsarProgram #SubahSamachar
