Noida News: वेबसाइट और सर्वर पर कब्जे के आरोपी की अग्रिम जमानत खारिज
(अदालत से)माई सिटी रिपोर्टरग्रेटर नोएडा। कंपनी की वेबसाइट की हूबहू नकल करने और सर्वर पर कब्जा करने के आरोप में अदालत ने प्रदीप अग्रवाल की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-63 में मुकदमा दर्ज है।वादी हेमा गुप्ता के अनुसार, एक अप्रैल 2025 को उनकी कंपनी ने प्रदीप को एस्टो वैल्थ की आधिकारिक वेबसाइट और डिजिटल बिजनेस इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास व तकनीकी प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके लिए 57,700 रुपये अग्रिम दिए गए और तकनीकी एक्सेस के साथ गोपनीय जानकारी साझा की गई। आरोपी ने दो महीने में वेबसाइट तैयार करने का वादा किया, लेकिन डिलीवरी नहीं की।आरोप है कि प्रदीप ने मूल वेबसाइट की नकल कर अलग डोमेन बुक कराया और प्रोजेक्ट को एस्ट्रो कैपिटलेक्स नाम से लॉन्च कर अपना स्वामित्व जताने लगा। उसके सोशल मीडिया खातों पर डेढ़ लाख से अधिक फॉलोअर्स होने की बात भी शिकायत में कही गई है।शिकायत के मुताबिक, एचएमए ट्रेडिंग वेबसाइट के मामले में भी ऐसा ही किया गया। अमेजन के स्वतंत्र सर्वर के नाम पर 86,100 रुपये अग्रिम लिए गए। विरोध करने पर कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग के लिए इनवॉइस दिए गए और सर्वर आरोपी की कंपनी के नाम पर बुक करा लिया गया। इससे वादिया को आर्थिक नुकसान होने का आरोप है।बचाव पक्ष ने मामले को सेवा प्रदाता और ग्राहक के बीच संविदात्मक विवाद बताते हुए दीवानी प्रकृति का बताया। वहीं, अदालत ने अपराध में अधिकतम सात साल की सजा के प्रावधान का उल्लेख करते हुए अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया। अदालत ने विवेचक को निर्देश दिया कि नोटिस जारी नहीं हुआ है तो दो सप्ताह में जारी करें। साथ ही आरोपी को विवेचना में सहयोग करने का निर्देश दिया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 24, 2026, 16:07 IST
Noida News: वेबसाइट और सर्वर पर कब्जे के आरोपी की अग्रिम जमानत खारिज #AnticipatoryBailDeniedToPersonAccusedOfTakingControlOfWebsiteAndServer #SubahSamachar
