Delhi NCR News: पांडव नगर मार्केट में रात होते ही असामाजिक तत्वों का कब्जा
-शाम ढलते ही बाजार में मंडराने लगते हैं संदिग्ध, व्यापारियों और निवासियों में डर का माहौल-पुलिस गश्त के अभाव में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद, स्थानीय लोगों ने की सुरक्षा बढ़ाने की मांगसंवाद न्यूज एजेंसी पूर्वी दिल्ली।पांडव नगर मार्केट में इन दिनों रात के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। सूरज ढलते ही इलाके में संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय निवासियों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों में डर का माहौल है। हालात यह हैं कि लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से भी कतराने लगे हैं। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने कहा कि रात होते ही बाजार की सड़कों और आसपास की गलियों में संदिग्ध लोगों का जमावड़ा लग जाता है। ये लोग देर रात तक बेखौफ घूमते रहते हैं। इससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों की शिकायत है कि इलाके में पुलिस की नियमित गश्त नहीं होने के कारण ऐसे तत्वों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस की सीमित मौजूदगी के चलते लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। सुरक्षा व्यवस्था का असर बाजार के कारोबार पर भी पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, शाम के बाद ग्राहक बाजार आने से कतराने लगे हैं। लोगों ने पुलिस और प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।रात में घर से निकलने से कतरा रहे लोग : पांडव नगर आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष रूपेंद्र शर्मा ने बताया कि पिछले काफी समय से इलाके में असामाजिक तत्वों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। इसके चलते स्थानीय निवासियों ने रात के समय घरों से निकलना काफी कम कर दिया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मांग की कि इलाके में नियमित गश्त सुनिश्चित की जाए और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 11, 2026, 18:02 IST
Delhi NCR News: पांडव नगर मार्केट में रात होते ही असामाजिक तत्वों का कब्जा #Anti-socialElementsTakeOverPandavNagarMarketAtNight. #SubahSamachar
