Rohtak News: 500 सफाई कर्मचारियों हड़ताल पर, शहर में फैला 300 टन कूड़ा
रोहतक। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की रोहतक इकाई की सफाई कर्मचारियों की हड़ताल रविवार को चौथे दिन भी जारी रही। करीब 500 सफाई कर्मचारी हड़ताल पर रहे और उन्होंने वार्डों में सफाई नहीं की। हड़ताली कर्मचारी नगर निगम परिसर में धरने पर बैठे रहे और मांगों को लेकर नारेबाजी की। हालांकि, रविवार को डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाली गाड़ियां पहुंचीं और घरों से कचरा उठाया गया।नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की रोहतक इकाई के प्रधान शंभू टांक ने कहा कि सरकार की दमनकारी नीतियां हड़ताल तोड़ने का प्रयास कर रही हैं, जबकि कर्मचारी अपने हक के लिए शांतिपूर्ण तरीके से हड़ताल कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से 13 मई के समझौते में मानी गई मांगों को पूरा करने की मांग की।शंभू टांक ने कहा कि कर्मचारी चाहते हैं कि मांगें पूरी हों, ताकि वे जल्द काम पर लौटकर शहर की सफाई कर सकें। हड़ताल के कारण पिछले तीन दिनों से कूड़ा उठान प्रभावित रहा, जिससे शहर में करीब 300 टन कूड़ा जमा हो गया है। शहर के 40 सेकेंडरी कूड़ा पॉइंट पर भी कचरे के ढेर लगे हैं। शनिवार की बारिश के कारण कुछ स्थानों पर कूड़ा बह भी गया।टांक ने चेतावनी दी कि सरकार ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो 11 अगस्त को कर्मचारी भवन, सुखपुरा चौक में होने वाली प्रदेश कमेटी की बैठक में हड़ताल आगे बढ़ाने और आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया जा सकता है। प्रदेश सचिव राकेश चावरिया ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया। इस दौरान राजपाल टांक, रवि चड्डा, शंकर टांक, भीम चावरिया समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।डोर-टू-डोर कचरा उठाने पहुंची गाड़ी:तीन दिन की हड़ताल के बाद रविवार को चौथे दिन डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाली गाड़ियां घरों से कचरा लेने पहुंचीं। इससे पिछले तीन दिनों के मुकाबले रविवार को शहर में गंदगी कम नजर आई।वर्जननगर निगम की ओर से शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बावजूद रात के समय कचरा उठाया जा रहा है।-सत्येंद्र दुहन, आयुक्त, नगर निगम रोहतक
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 10, 2026, 02:31 IST
Rohtak News: 500 सफाई कर्मचारियों हड़ताल पर, शहर में फैला 300 टन कूड़ा #AnitationWorkersOnStrike; #SubahSamachar
