Ayodhya News: लेखपाल सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश

अयोध्या। स्थलीय जांच रिपोर्ट में प्रधान प्रतिनिधि व रोजगार सेवक के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर रिपोर्ट लगाने के मामले में लेखपाल मोती लाल सहित राजीव व संजय तिवारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश पारित किया गया है। यह आदेश मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुधांशु शेखर उपाध्याय ने जिला अधिकारी की ओर से गठित कमेटी की प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पारित किया है।सीजेएम ने थाना कोतवाली बीकापुर की पुलिस को तीन दिन में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय को सूचित करने का निर्देश भी दिया है। न्यायालय में प्रस्तुत प्रार्थना पत्र के अनुसार थाना कोतवाली बीकापुर क्षेत्र के बल्लीपुर निवासिनी संगीता ने जिलाधिकारी अयोध्या को पत्र देकर गांव के ही राजीव व संजय तिवारी की ओर से बंद किए रास्ता को खुलवाए जाने की मांग किया था। मौके पर जांच करने गए लेखपाल मोतीलाल ने स्पॉट मेमो बनाया और रिपोर्ट जिला अधिकारी को भेज दिया। संगीता ने जब जांच रिपोर्ट के बारे में पता कराया तो उस पर प्रधान प्रतिनिधि मुकुल आनंद व रोजगार सेवक बबलू प्रसाद के हस्ताक्षर बने हुए थे जबकि लेखपाल की जांच के समय मुकुल व बबलू मौजूद नहीं थे।जब लेखपाल मोतीलाल से संगीता ने इस बारे में पूछा गया तो कहा कि राजीव व संजय तिवारी के कहने पर हमने रिपोर्ट लगाई है जो करना है कर लो। पीड़िता ने कार्रवाई न होने पर अपने अधिवक्ता के माध्यम से अदालत का दरवाजा खटखटाया।एसडीएम ने गुमराह किया तो डीएम से कराई गई प्रारंभिक जांचपीड़िता के प्रार्थना पत्र पर सीजेएम ने एसडीएम बीकापुर से मामले में प्रारंभिक जांच कर आख्या तलब किया लेकिन लेखपाल मोतीलाल के बारे में कोई जांच न करते हुए आधी अधूरी आख्या कोर्ट को भेजी गई। एसडीएम की प्रारंभिक जांच में की गई लापरवाही को पीड़िता के अधिवक्ता ने अदालत के समक्ष पेश किया। पीड़िता के अधिवक्ता के तर्कों से संतुष्ट होने के बाद अदालत ने जिला अधिकारी अयोध्या को जांच करने का आदेश पारित किया। साथ ही भविष्य के लिए एसडीएम बीकापुर को न्यायालय के आदेश की जांच सरसरी तौर पर न करने की हिदायत भी दिया।जिला अधिकारी ने एडीएम के नेतृत्व में जांच कराई जिसमें लेखपाल मोतीलाल पर प्रधान प्रतिनिधि मुकुल आनंद व रोजगार सेवक बबलू प्रसाद के हस्ताक्षर बनाकर रिपोर्ट लगाए जाने की पुष्टि की गई।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 09, 2026, 21:31 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Ayodhya News: लेखपाल सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश #AnOrderHasBeenIssuedToRegisterACaseAgainstThreePeople #IncludingTheRevenueOfficer #SubahSamachar