Jind News: सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर जयंती देवी मंदिर में होगा आयोजन
जींद। श्री सोमनाथ मंदिर के वर्तमान स्वरूप की प्राण-प्रतिष्ठा के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 11 मई को जिला सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जाएगा। जिलास्तरीय मुख्य कार्यक्रम शहर के ऐतिहासिक जयंती देवी मंदिर परिसर में आयोजित होगा।इसमें डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस अवसर पर सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम और उचाना के विधायक देवेंद्र चतुर्भुज अत्री विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। एडीसी प्रदीप कुमार ने शनिवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक लेते हुए बताया कि इस पर्व की शुरुआत 11 मई को सुबह नौ बजे शिव चौक से भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। यह यात्रा रुपया चौक से होती हुई जयंती देवी मंदिर पहुंचेगी, जहां सामूहिक जलाभिषेक किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सुबह दस से 12 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के सोमनाथ से राष्ट्र को संबोधित करेंगे जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र से प्रदेशवासियों से जुड़ेंगे। जयंती देवी मंदिर परिसर में बड़ी डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से इन दोनों संबोधनों का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। एडीसी ने पुलिस विभाग को कानून व्यवस्था बनाए रखने और संबंधित अधिकारियों को बिजली, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई व फलाहार के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम सत्यवान मान ने जयंती देवी मंदिर और शिव चौक का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस मौके पर डीएसपी संदीप सिंह, डीआईपीआरओ कृष्ण कुमार सहोत्रा और मंदिर के मुख्य पुजारी नवीन शास्त्री मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 09, 2026, 19:30 IST
Jind News: सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर जयंती देवी मंदिर में होगा आयोजन #AnEventWillBeHeldAtTheJayantiDeviTempleOnTheOccasionOfTheSomnathSwabhimanParv. #SubahSamachar
