काशी में गूंजेगी शक्ति साधना: 22 जून से शुरू होगा अंबुवाची पर्व, महामुद्रा यंत्र के होंगे दुर्लभ दर्शन
काशी की प्राचीन धार्मिक परंपराओं में शामिल अंबुवाची पर्व इस वर्ष 22 जून से शुरू होगा। कमच्छा स्थित मां कामाख्या मंदिर में पांच दिनों तक चलने वाले इस विशेष पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। तांत्रिक साधना, शक्ति उपासना और मां के रजस्वला स्वरूप से जुड़ा यह पर्व काशी की विशिष्ट धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। अंबुवाची पर्व 22 से 26 जून तक मनाया जाएगा। कामाख्या मंदिर में पांच दिवसीय पर्व के दौरान तीन दिनों तक मंदिर का कपाट बंद रहेगा। 22 को दिन में मां के श्रृंगार और पूजन होगा। रात में महाआरती और पूजन के साथ अंबुवाची पर्व शुरू हो जाएगा। इसके बाद 25 जून तक मंदिर का कपाट बंद हो जाएगा। इस दौरान मां रजस्वला हो जाती हैं। पांच दिनों तक भक्त मंदिर में पूजन अर्चन करेंगे। 26 को सिंगार पूजन के साथ आम भक्तों के लिए दर्शन के लिए मंदिर का पट खोल दिया जाएगा। कपाट बंद होने से पूर्व श्री महामुद्रा यंत्र पर विशेष वस्त्र चढ़ाए जाएंगे। इस अवधि में नियमित पूजा-अर्चना स्थगित रहेगी, जबकि श्रद्धालु मंदिर परिसर में रहकर मां की आराधना और परिक्रमा कर सकेंगे। मां को चढ़ाई गई चुनरी भक्तों में वितरण की जाएगी। इसे भी पढ़ें;Kashi Vishwanath: बाबा विश्वनाथ ने चखा लंगड़ा आम और बनारसी पान, भीषण तपिश में भी उमड़ा आस्था का समंदर मंदिर के प्रधान पुजारी देवेंद्र पुरी के अनुसार, 26 जून को मां का गंगाजल, गुलाबजल और औषधियों से महाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद गर्भगृह के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसी दिन श्री महामुद्रा यंत्र का वार्षिक महाभिषेक और दुर्लभ दर्शन भी कराए जाएंगे। मंदिर प्रशासन के अनुसार 30 जून को विशेष रूप से वत्र (पूजित वस्त्र) का वितरण किया जाएगा। पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 09, 2026, 00:30 IST
काशी में गूंजेगी शक्ति साधना: 22 जून से शुरू होगा अंबुवाची पर्व, महामुद्रा यंत्र के होंगे दुर्लभ दर्शन #CityStates #Varanasi #AmbubachiFestival #VaranasiNews #VaranasiLatestNews #SubahSamachar
