Una News: कुटलैहड़ में 2.40 करोड़ के टेंडरों में धांधली के आरोप
लठियाणी (ऊना)। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के नाम पर करीब 2.40 करोड़ रुपये के टेंडरों में कथित धांधली का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पूर्व विधायक देवेंद्र भुट्टो ने लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं। जमीनी स्तर पर लोगों को बदहाल सड़कों और कीचड़ का सामना करना पड़ रहा है।पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि टेंडर आवंटन प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी कर चहेते ठेकेदारों को फायदा पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास काम करने के लिए बुनियादी संसाधन तक उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें करोड़ों रुपये के कार्य सौंप दिए गए। भुट्टो ने तंज कसते हुए कहा कि जिन ठेकेदारों के पास गैंती और बैलचा तक नहीं हैं, वे बड़े निर्माण कार्य कैसे पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जारी कई विकास कार्यों की स्थिति बेहद खराब और गुणवत्ता के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही। भुट्टो ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक मिलीभगत के चलते जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए और दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। पूर्व विधायक ने क्षेत्र की प्रमुख सड़क थानाकला-भाखड़ा मार्ग की बदहाल स्थिति पर भी नाराजगी जताई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 13, 2026, 19:39 IST
Una News: कुटलैहड़ में 2.40 करोड़ के टेंडरों में धांधली के आरोप #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
