Meerut News: कृषि भूमि पर दीवार निर्माण का आरोप, एसएसपी से शिकायत

संवाद न्यूज एजेंसी दौराला। दौराला क्षेत्र के गांव सिवाया स्थित अविभाजित कृषि भूमि पर जबरन दीवार निर्माण और मारपीट का आरोप लगाते हुए पीड़ित पक्ष ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता महेश और ज्योति निवासी ग्रीन स्टेट मोदीपुरम ने आरोप लगाया कि उनकी साझेदारी वाली कृषि भूमि पर दूसरे पक्ष ने कब्जे की नीयत से निर्माण शुरू कर दिया। शिकायत के अनुसार उनकी यह भूमि अविभाजित है। राजस्व अभिलेखों में दोनों पक्ष सह-खातेदार दर्ज हैं। आरोप है कि 29 जून को सूचना मिली कि दूसरा पक्ष जमीन पर दीवार का निर्माण करा रहे हैं। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज, धक्का-मुक्की की और महिलाओं के साथ अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी।आरोप है कि घटना की सूचना पीआरवी को दी गई। इसके बाद पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। इसके बाद 30 जून को दोबारा दीवार बनाने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि थाना पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय विपक्षी पक्ष का सहयोग कर रही है। पीड़ितों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने, उनकी साझेदारी वाली भूमि पर अवैध निर्माण रुकवाने की मांग की है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने जांच कराने का आश्वासन दिया। क्षेत्राधिकारी दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 03, 2026, 19:20 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Meerut News: कृषि भूमि पर दीवार निर्माण का आरोप, एसएसपी से शिकायत #AllegationOfWallConstructionOnAgriculturalLand;ComplaintLodgedWithSSP. #SubahSamachar