Noida News: फ्लैट पर कब्जे का आरोप, एमडी सहित तीन पर प्राथमिकी
सामान गायब कर छात्रों को किराये पर दियामाई सिटी रिपोर्टरग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सोमवार को केयर ब्लेंड फैसिलिटी मैनेजमेंट के प्रबंध निदेशक (एमडी) समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। महिला खरीदार का आरोप है कि करीब 48 लाख रुपये का भुगतान करने के बावजूद कंपनी ने उसके फ्लैट पर कब्जा कर किराये पर दे दिया। विरोध करने पर जानमाल के नुकसान की धमकी देने का भी आरोप है।साधना सिंह ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर एमडी इंद्र कांत झा, सीआरएम एग्जीक्यूटिव विजय कुमार साह और प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर अमन भाटी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के अनुसार, 2012 में 45.60 लाख रुपये में फ्लैट खरीदने का समझौता हुआ था। वर्ष 2018 तक किस्तों में 48.66 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया। वर्ष 2013 में कंपनी ने फ्लैट का आवंटन पत्र भी जारी कर दिया था। पीड़िता का आरोप है कि 27 सितंबर 2024 को कंपनी कार्यालय में विजय कुमार साह ने 1.50 लाख रुपये नकद लेने के बाद फ्लैट की चाबी सौंपी, जिसके बाद उन्होंने करीब दो लाख रुपये का घरेलू सामान फ्लैट में रख दिया।आरोप है कि एक जनवरी, 2026 को फ्लैट पहुंचने पर ताला टूटा मिला, सामान गायब थे और फ्लैट में छात्र रह रहे थे। वहां मौजूद छात्र अभय यादव ने बताया कि फ्लैट अमन भाटी ने एमडी इंद्र कांत झा के निर्देश पर किराये पर दिलाया था। पीड़िता का कहना है कि छह से 14 जनवरी के बीच कई बार पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। एसीपी सेंट्रल नोएडा राजीव कुमार गुप्ता का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 30, 2026, 19:46 IST
Noida News: फ्लैट पर कब्जे का आरोप, एमडी सहित तीन पर प्राथमिकी #AllegationOfFlatOccupation;FIRAgainstThree #SubahSamachar
