Sonipat News: वरिष्ठ नागरिकों से पूरा किराया वसूलने का आरोप, रोडवेज महाप्रबंधक ने कार्रवाई को लिखा पत्र
सोनीपत। हरियाणा सरकार की तरफ से वरिष्ठ नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन में किराये में दी जाने वाली रियायत की अनदेखी का मामला सामने आया है। बीज मार्केट निवासी बुजुर्ग दंपती ने रोडवेज महाप्रबंधक संजय कुमार को शिकायत देकर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया है कि सहकारी परिवहन समिति की बस के परिचालक ने उन्हें वरिष्ठ नागरिक पहचान पत्र दिखाने के बावजूद आधे किराये के बजाय पूरा किराया वसूला। साथ ही किराये की टिकट भी उपलब्ध नहीं कराई। महाप्रबंधक ने कार्रवाई के लिए क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव को पत्र लिखा है।बीज मार्केट निवासी श्यामलाल ने बताया कि वह 5 जुलाई की सुबह करीब 7:15 बजे अपनी पत्नी राधा के साथ सोनीपत से बहादुरगढ़ जाने के लिए सहकारी परिवहन समिति की बस में सवार हुए थे। उनके अनुसार दोनों के पास हरियाणा सरकार द्वारा जारी वैध वरिष्ठ नागरिक पहचान पत्र मौजूद थे जिनके आधार पर उन्हें रियायती किराये का लाभ मिलना चाहिए था। श्यामलाल का आरोप है कि बस परिचालक ने वरिष्ठ नागरिक होने के बावजूद दोनों से 60-60 रुपये के हिसाब से कुल 120 रुपये वसूल लिए। इतना ही नहीं, किराया लेने के बाद टिकट भी जारी नहीं की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि परिचालक से संपर्क करने के लिए दिए गए मोबाइल नंबर पर कई बार फोन किया गया लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की।दंपती ने अपनी शिकायत में कहा है कि जब सरकार वरिष्ठ नागरिकों को किराये में रियायत देने का स्पष्ट प्रावधान कर चुकी है तब निजी बसों में इस तरह नियमों की अनदेखी कर यात्रियों से पूरा किराया वसूलना न केवल अनुचित है बल्कि सरकारी निर्देशों की अवहेलना भी है।सरकार के आदेश पर सहकारी परिवहन समिति की बसों में वरिष्ठ नागरिकों के पूरा किराया वसूल करना नियमों के खिलाफ है। बुजुर्ग दंपती से शिकायत मिलने के बाद संबंधित बस परिचालक के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई करने के लिए क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव को पत्र लिख दिया गया है। - संजय कुमार, महाप्रबंधक, हरियाणा रोडवेज
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 06, 2026, 21:00 IST
Sonipat News: वरिष्ठ नागरिकों से पूरा किराया वसूलने का आरोप, रोडवेज महाप्रबंधक ने कार्रवाई को लिखा पत्र #AllegationOfChargingFullFareFromSeniorCitizens;RoadwaysGeneralManagerWritesLetterSeekingAction. #SubahSamachar
