Una News: अंबोटा और चलेट जिला परिषद वार्डों में अब आजाद उम्मीदवारों पर टिकी नजर
गगरेट (ऊना)। गगरेट जिला परिषद चुनाव को लेकर अंबोटा और चलेट वार्ड में सियासी हलचल लगातार तेज होती जा रही है। हालांकि अभी तक किसी भी उम्मीदवार ने आधिकारिक तौर पर नामांकन दाखिल नहीं किया है लेकिन अंदरखाने चुनावी गतिविधियां पूरी तरह गर्मा चुकी हैं। संभावित उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ लगातार संपर्क साधने में जुटे हैं जबकि गांवों की चौपालों, बाजारों और चाय की दुकानों पर चुनावी चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि दोनों वार्डों में इस बार मुकाबला बेहद रोचक रहने वाला है। भाजपा और कांग्रेस समर्थित चेहरों के अलावा कई स्थानीय दावेदार भी अपनी जमीन मजबूत करने में जुटे हुए हैं। हालांकि असली तस्वीर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। राजनीतिक जानकार मान रहे हैं कि अंतिम तिथि वाले दिन ही सबसे ज्यादा नामांकन दाखिल हो सकते हैं, क्योंकि कई संभावित उम्मीदवार अभी भी पार्टी टिकट और चुनावी समीकरणों का इंतजार कर रहे हैं।दोनों वार्डों में कहीं राजनीतिक साख का सवाल बना हुआ है तो कहीं वर्षों से कायम वर्चस्व बचाने की चुनौती सामने है। ऐसे में बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगती नजर आ रही है। समर्थक पहले से ही डोर टू डोर संपर्क अभियान शुरू कर चुके हैं और अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने में लगे हैं।इस बार आजाद उम्मीदवारों की भूमिका भी काफी अहम मानी जा रही है। खासकर वे दावेदार जो पार्टी टिकट के प्रबल दावेदार बताए जा रहे थे लेकिन टिकट कटने की स्थिति में नाराज होकर चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। ऐसे उम्मीदवार कई स्थानों पर जीत-हार का पूरा गणित बदलने की क्षमता रखते हैं। राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए माना जा रहा है कि यदि मुकाबला त्रिकोणीय या बहुकोणीय बना तो बड़े दलों को भी नुकसान उठाना पड़ सकता है।कई क्षेत्रों में अंदरखाने गुटबंदी के संकेत भी मिलने लगे हैं। कुछ नेता खुलकर सामने आने की बजाय सही समय का इंतजार कर रहे हैं ताकि नामांकन के अंतिम दौर में अपनी रणनीति के तहत चुनावी दंगल में उतर सकें। अब सभी की नजर नामांकन प्रक्रिया और अंतिम दिन होने वाले राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 07, 2026, 23:36 IST
Una News: अंबोटा और चलेट जिला परिषद वार्डों में अब आजाद उम्मीदवारों पर टिकी नजर #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
