अलीगढ़ हाईवे हादसा: रोडवेज बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में मारी टक्कर, धान बिखरा, तीन घायल ट्रॉमा सेंटर भेजे
सिकन्दराराऊ में बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे अलीगढ़ हाईवे पर गांव बिलार के पास एक सड़क दुर्घटना हुई। धान से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली में रोडवेज बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक और दो किशोर किसान घायल हो गए। घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। कोतवाली के गांव पचो निवासी सोमदत्त, 16 वर्षीय प्रियांशु और तीन अन्य किसान ट्रैक्टर ट्रॉली में धान लेकर अलीगढ़ की धनीपुर मंडी जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि धान से भरी ट्रॉली सड़क पर बिखर गई। टक्कर के कारण सोमदत्त और प्रियांशु सड़क पर गिर गए। चालक रविंदर भी ट्रैक्टर से दूर जा गिरा। तीनों घायल हो गए। ट्रॉली पलटने के बाद अलीगढ़ की तरफ जाने वाली एक लेन में धान बिखर गया। इससे आवागमन बाधित हुआ। करीब आधे घंटे बाद पुलिस ने क्रेन बुलाकर ट्रैक्टर ट्रॉली को हटवाया। धान को सड़क से साफ करने के बाद यातायात सुचारु हो सका। टक्कर मारने के बाद रोडवेज बस का चालक बस लेकर फरार हो गया। कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 29, 2026, 11:20 IST
अलीगढ़ हाईवे हादसा: रोडवेज बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में मारी टक्कर, धान बिखरा, तीन घायल ट्रॉमा सेंटर भेजे #CityStates #Crime #Hathras #UttarPradesh #AligarhHighway #BusTractorAccident #SikandraRaoHathras #HathrasNews #HathrasRoadAccident #Pacho #AligarhHighwayAccident #RoadwaysBusTractorTrolleyCollision #SubahSamachar
