काशी में एयर शो: अक्तूबर में नमो घाट पर गूंजेगी जेट विमानों की गर्जना, पीएम मोदी समेत कई दिग्गज होंगे दर्शक
प्रयागराज के बाद काशी में अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में एयर शो नमो घाट पर होगा। एयरफोर्स के अधिकारी लगातार बाबतपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के अधिकारियों से संपर्क में हैं। योजनाएं तैयार हैं। एयर शो में सूर्यकिरण जेट वाराणसी एयरपोर्ट से ही उड़ान भरेंगे। इनके अलावा अन्य जेट वाराणसी से सटे अलग-अलग जिलों के एयरपोर्ट से उड़ान भरेंगे। वाराणसी एयरपोर्ट पर अभी से तैयारियां शुरू हो गई हैं। वाराणसी एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का विस्तार किया जा रहा है। विस्तार के बाद यह एयरपोर्ट पूरे पूर्वांचल का सबसे बड़ा, सबसे आधुनिक, सबसे अलौकिक और सबसे अद्भुत रूप के लिए जाना जाएगा। इस बार अक्तूबर में वायु सेना एयर शो कराएगी। नमो घाट पर इस शो को कराने की योजना है। घाट और एयरपोर्ट पर तैयारियां चल रही हैं। 20 अक्तूबर से सूर्यकिरण जेट के 9 एयरक्राफ्ट वाराणसी आ जाएंगे। पांच दिन अभ्यास होगा। पांचों दिन इन एयरक्राफ्ट को वाराणसी एयरपोर्ट पर हैंगर में ही खड़ा किया जाएगा। पार्किंग एरिया को अक्तूबर के पहले तैयार कर दिया जाएगा। निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि इस शो में मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र समेत देश के कई दिग्गज हो सकते हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 09, 2026, 00:20 IST
काशी में एयर शो: अक्तूबर में नमो घाट पर गूंजेगी जेट विमानों की गर्जना, पीएम मोदी समेत कई दिग्गज होंगे दर्शक #CityStates #Varanasi #UttarPradesh #VaranasiAirport #AirShowInVaranasi #VaranasiNamoGhat #SubahSamachar
