Noida News: पोस्टमार्टम के बाद शवों को ले गए परिजन, नहीं दी शिकायत
पोस्टमार्टम के बाद शवों को ले गए परिजन, नहीं दी शिकायत मृतक कामगार के परिजनों को 1-1 लाख रुपये का चेक मौके पर ही दिलवाया गया माई सिटी रिपोर्टर ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-142 में रविवार को निर्माणाधीन इमारत में शटरिंग टूटने के कारण नौवीं मंजिल से गिरने से दो कामगारों की मौत के बाद शव का पोस्टमार्टम करा पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है। परिजन शवों को पैतृक गांव ले गए। समझौता होने के कारण परिजनों की ओर से मामले में कोई शिकायत नहीं की गई है। सेक्टर-142 कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले में परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। सहायक श्रम आयुक्त (एएलसी) सुयश पांडे ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर जांच की थी। निर्माण करने वाली कंपनी की ओर से प्रत्येक मृतक कामगार के परिजन को 1-1 लाख रुपये का चेक मौके पर ही दिलवाया गया। वहीं 30 लाख रुपये क्षतिपूर्ति दिलाने के लिए बिल्डर से विभाग के खाते में जमा कराए हैं। इन्हें मृतकों के परिजन को दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभाग की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 1.25-1.25 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं घायल का इलाज भी बिल्डर की ओर से कराया जाएगा। कंस्ट्रक्शन साइट पर निर्माण संबंधी लापरवाही के विषय में जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घायल की हालत में सुधार गौरतलब है कि रविवार को निर्माणाधीन इमारत में शटरिंग टूटने के कारण बांका बिहार निवासी कामगार मंटू सिंह (45) व दुमका झारखंड निवासी शीबू (24) की मौत हो गई थी। वहीं मंटू का भाई मिथुन ऊंचाई से गिरने के बाद ग्रीन नेट में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए फेलिक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत में सुधार हो रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 15:39 IST
Noida News: पोस्टमार्टम के बाद शवों को ले गए परिजन, नहीं दी शिकायत #AfterThePost-mortem #TheFamilyMembersTookTheBodiesAndDidNotFileAComplaint. #SubahSamachar
