Bhopal News: युवक की मौत के बाद अस्पताल में तोड़फोड़, डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पथराव
भोपाल शहर के पटेल नगर स्थित लक्ष्मी हॉस्पिटल में एक युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद बुधवार सुबह जमकर हंगामा हो गया। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तोडफ़ोड़ की और मौके पर पहुंची पुलिस पर पथराव कर दिया। घटना में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि तीन अन्य को हल्की चोटें आई हैं। एक घंटे तक चला बवाल पिपलानी पुलिस के अनुसार आदमपुर छावनी निवासी लक्ष्मण वंशकार को पेट की गंभीर बीमारी के चलते मंगलवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे परिजनों को मौत की सूचना मिलते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते आक्रोशित भीड़ ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया, जो लगभग एक घंटे तक चलता रहा। डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप मृतक के परिजनों का आरोप है कि इलाज में गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण लक्ष्मण की जान गई। परिजन इलाज करने वाले डॉक्टर से मिलना चाहते थे, लेकिन अस्पताल स्टाफ ने डॉक्टर के मौजूद न होने की बात कही। इससे नाराज परिजन उग्र हो गए और अस्पताल में तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पढ़ें:देवास में माली समाज की भव्य गैर, रंगों में सराबोर हुआ शहर; उमड़ा जनसैलाब मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाइश देते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराने और मर्ग कायम कर पोस्टमॉर्टम कराने की बात कही। लेकिन परिजन तत्काल डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। इसी दौरान विवाद बढ़ा और भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में एक पुलिसकर्मी के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि तीन अन्य जवान घायल हुए हैं। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। दो दर्जन से अधिक हिरासत में पुलिस ने हंगामा कर रहे दो दर्जन से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर पिपलानी थाने भेज दिया है। एहतियात के तौर पर दो थानों का अतिरिक्त पुलिस बल अस्पताल परिसर में तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रित है, लेकिन तनाव बना हुआ है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 04, 2026, 13:16 IST
Bhopal News: युवक की मौत के बाद अस्पताल में तोड़फोड़, डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पथराव #CityStates #Crime #Bhopal #MadhyaPradesh #Death #BhopalNews #BhopalViralNews #BhopalCrimeNews #BhopalHindiNews #SubahSamachar
