Kangra News: टीएमसी में वार्ड सिस्टर्स का प्रशासनिक प्रशिक्षण शुरू

धर्मशाला। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में वार्ड सिस्टर्स के लिए अनिवार्य प्रशासनिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। प्राचार्य डॉ. मिलाप शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई 37 वार्ड सिस्टर्स भाग ले रही हैं। यह प्रशिक्षण वार्ड सिस्टर्स की मैट्रन पद पर पदोन्नति के लिए एक अनिवार्य शर्त है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों में प्रशासनिक, प्रबंधकीय, नेतृत्व और पर्यवेक्षण संबंधी कौशल को विकसित करना है, ताकि वे स्वास्थ्य संस्थानों में उच्च जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्य पूजा सूद के समन्वय में किया जा रहा है। उनके साथ ज्योति वालिया (ट्यूटर-कम-क्लिनिकल इंस्ट्रक्टर), कोमल (सिस्टर ट्यूटर) और शिखा (स्टाफ नर्स) प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दे रही हैं। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के सहायक नियंत्रक (वित्त) राजीव कुमार ने प्रशिक्षुओं को वित्तीय प्रबंधन और नियमों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। प्रशिक्षण में प्रशासनिक प्रक्रियाओं व वित्तीय अनुशासन जैसे विषयों पर व्यावहारिक और सैद्धांतिक सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। कॉलेज प्रबंधन ने कहा कि नर्सिंग नेतृत्व को मजबूत करने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए भविष्य में भी ऐसे क्षमता संवर्धन कार्यक्रम जारी रहेंगे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 05, 2026, 18:09 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: टीएमसी में वार्ड सिस्टर्स का प्रशासनिक प्रशिक्षण शुरू #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar