Kanwar Yatra 2026: डीजे की धमक पर सख्ती, 12 फीट से ऊंची नहीं होगी कांवड़; शिवभक्तों के लिए जारी हुई गाइडलाइन
कांवड़ की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होगी और यात्रा में डीजे तय मानक के अनुसार बजाया जाएगा। सावन माह में निकलने वाली कांवड़ यात्राओं पर पुलिस कमिश्नरेट में मंगलवार को पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, अपर पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी की मौजूदगी में समन्वय बैठक हुई। कांवड़ मार्ग पर खाने-पीने के सामान की दुकानों की जांच खाद्य विभाग की टीम करेंगी। पुलिस आयुक्त ने कहा कि कांवड़ मार्गों और मंदिरों के आसपास मीट की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। खाद्य एवं औषधि विभाग को होटल, ढाबों और दुकानों की जांच कर रेट सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए। कांवड़ मार्गों की मैपिंग कर संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाथीघाट, पोइया और बटेश्वर सहित प्रमुख घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। यात्रा मार्गों पर रूट डायवर्जन, यातायात नियंत्रण, एंबुलेंस, क्रेन, मेडिकल सहायता और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहेंगे। सावन के दूसरे सोमवार को होने वाली परिक्रमा के लिए यातायात योजना तैयार की जाएगी। सोशल मीडिया की 24 घंटे मॉनिटरिंग कर अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। पीडब्ल्यूडी और नगर निगम को कांवड़ मार्गों की मरम्मत व जलभराव और बिजली विभाग को ट्रांसफॉर्मर, झूलते तार और पोल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 29, 2026, 05:30 IST
Kanwar Yatra 2026: डीजे की धमक पर सख्ती, 12 फीट से ऊंची नहीं होगी कांवड़; शिवभक्तों के लिए जारी हुई गाइडलाइन #CityStates #Agra #Mathura #UttarPradesh #KanwarYatra #Sawan #12FeetKanwar #DjRules #PoliceCommissioner #DeepakKumar #MeatShopsClosed #SecurityArrangements #TrafficDiversion #SocialMediaMonitoring #SubahSamachar
