Prayagraj : प्रयागराज के 18 भूमाफिया पर गुंडा व गैंगस्टर एक्ट के तहत होगी कार्रवाई
सरकारी जमीन पर कब्जे के 12 आरोपियाें को मंगलवार को भूमाफिया घोषित कर दिया गया। वहीं, छह अन्य आरोपियों को भूमाफिया श्रेणी में चिह्नित किया गया। मंगलवार को एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता कर रहे डीएम ने इन भूमाफिया के खिलाफ गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, एनएसए सहित अन्य धाराओं में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिन 12 आरोपियों को भूमाफिया घोषित किया गया है, उनके खिलाफ पहले से एफआईआर दर्ज है। राजस्व ग्राम रसूलपुर गरियाडीह उपरहार, राजस्व ग्राम रसूलपुर काशीपुर उपरहार, राजस्व ग्राम पोंगहट तालुक बमरौली परगरा व राजस्व ग्राम गयासुद्दीन उपरहार में सरकारी व निजी भूमियों पर कब्जा करने व अंश से अधिक विक्रय करने के मामले में तहसील स्तरीय एंटी टास्क फोर्स कमेटी ने 12 आरोपियों को भूमाफिया घोषित करने के लिए डीएम को संस्तुति भेजी थी। इनमें आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की जमीन पर कब्जे का मामला भी शामिल था। डीएम ने संबंधित उप जिलाधिकारियों व सहायक पुलिस आयुक्तों को सभी भूमाफिया के खिलाफ गुंडा व गैंगस्टर एक्ट, एनएसए सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 11, 2026, 10:12 IST
Prayagraj : प्रयागराज के 18 भूमाफिया पर गुंडा व गैंगस्टर एक्ट के तहत होगी कार्रवाई #CityStates #Prayagraj #BhuMafiaPrayagraj #PrayagrajBhuMafia #PrayagrajNews #SubahSamachar
