UP Roadways: 62 बिना टिकट मामले में चेकिंग दल के दो चालक निलंबित, छह नए एटीआई तैनात
अलीगढ़-बल्लभगढ़ मार्ग पर 16 मार्च को बुद्धविहार डिपो की रोडवेज बस में 62 यात्रियों के बिना टिकट मिलने के मामले में परिवहन निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। जांच में गंभीर अनियमितता सामने आने पर चेकिंग दल के दो चालकों को भी निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा छह नए एटीआई (सहायक यातायात निरीक्षक) की तैनाती की गई है। इस कार्रवाई के बाद से विभाग में खलबली मची हुई है। अब तक इस पूरे प्रकरण में नाै लोगों पर कार्रवाई हो चुकी है। लखनऊ मुख्यालय से प्रवर्तन दल के जीएम गौरव वर्मा के नेतृत्व में टीम ने 16 मार्च को बुद्धविहार डिपो की बस की जांच की। इसमें 64 में से 62 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पाए गए। विभाग ने इसे गंभीर भ्रष्टाचार की श्रेणी में मानते हुए बस के संविदा चालक मिथुन, परिचालक जगदीश गौतम की बर्खास्त करते हुए तत्काल प्रभाव से संविदा समाप्त कर दी। अगले दिन इस मामले में परिचालक जगदीश गौतम के खिलाफ थाना बन्नादेवी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जबकि टीआई ( ट्रैफिक इंस्पेक्टर ) गर्वित शर्मा को निलंबित कर दिया गया। इसी मामले में बुधवार को कासगंज डिपो के सहायक यातायात निरीक्षक सतेंद्र कुमार, बुद्ध विहार डिपो के प्रदीप कुमार व संतोष कुमार शर्मा के अलावा अलीगढ़ डिपो के सहायक यातायात निरीक्षक राहुल कुमार को निलंबित किया गया है। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि इसी मामले में हुई जांच में दोषी पाए गए चेकिंग दस्ते के महेश सिंह, चालक ( बुद्धविहार डिपो ) व प्रमोद कुमार, चालक ( कासगंज डिपो ) को निलंबित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस तरह की अनियमितताओं पर सख्त नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 27, 2026, 08:08 IST
UP Roadways: 62 बिना टिकट मामले में चेकिंग दल के दो चालक निलंबित, छह नए एटीआई तैनात #CityStates #Aligarh #UttarPradesh #UpRoadwaysBus #AligarhBallabgarh #BudhViharDepotBus #BusDriverSuspended #AssistantTrafficInspector #AligarhNews #SubahSamachar
