CG: राजिम कुंभ मेले में दुकानदार से बदसलूकी, कारोबारी ने दी भद्दी-भद्दी गालियां; वीडियो वायरल होने पर गिरफ्तार

गरियाबंद के राजिम कुंभ मेले की पवित्रता पर उस वक्त सवाल खड़े हो गए, जब एक वायरल वीडियो ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। वीडियो में नवापारा का एक जमीन कारोबारी मेले में ठेला लगाने वाले दुकानदार से न सिर्फ अभद्र भाषा में बात करता दिख रहा है, बल्कि उस पर जातिगत टिप्पणी और मारपीट के आरोप भी लगे हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में आरोपी दुकानदार से जबरन पहचान पत्र मांगता नजर आता है और बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करता है। वीडियो में आरोपी की आवाज साफ सुनाई दे रही है, जिसमें वह दुकानदार के समुदाय को लेकर घृणास्पद टिप्पणी करता है। यह घटना एक फरवरी की बताई जा रही है। मामले की शिकायत शुभम शर्मा ने राजिम थाने में दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि आरोपी नशे की हालत में था और बिना किसी वजह दुकानदार से उलझ पड़ा। पुलिस ने शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपी अजय तिवारी (निवासी गोबरा नवापारा, जिला रायपुर) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। इस प्रकरण ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। कांग्रेस ने आरोपी को भाजपा से जुड़ा बताते हुए सवाल उठाया है कि क्या कुंभ मेले में व्यापार करने के लिए किसी प्रकार की आईडी दिखाना जरूरी है साथ ही पार्टी ने मेले में छोटे व्यापारियों और ठेला दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इधर, एक और हैरान करने वाली बात सामने आई है। आरोपी अपनी गाड़ी पर सभापति, नगर पंचायत राजिम लिखा हुआ घूमता था, जबकि वह नवापारा का निवासी बताया जा रहा है। इससे लोगों में भ्रम और नाराजगी है कि क्या वह पदनाम का गलत इस्तेमाल कर रहा था। एएसपी गरियाबंद धीरेन्द्र पटेल ने बताया कि वायरल वीडियो को साक्ष्य मानते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 04, 2026, 10:41 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




CG: राजिम कुंभ मेले में दुकानदार से बदसलूकी, कारोबारी ने दी भद्दी-भद्दी गालियां; वीडियो वायरल होने पर गिरफ्तार #CityStates #Chhattisgarh #GariabandNews #GariabandViralVideo #GariabandSabhapatiViralVideo #RajimKumbhViralVideo #RajimKumbhVideo #RajimKumbhCase #ChhattisgarhNews #SubahSamachar