अयोध्या में हादसा: नदी में डूबने से तीन महिलाओं की मौत, दो युवतियों की तलाश जारी
अयोध्या जिले के थाना रौनाही क्षेत्र के ग्राम सनाहा में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नदी किनारे हादसा हो गया। नदी देखने गए एक ही परिवार के पांच लोग अचानक नदी में गिर गए, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बचाव अभियान के दौरान दोपहर 2:00 बजे तीन लोगों के शव बरामद कर लिए गए। मृतकों की पहचान सजरुल (45), साहिन बानो (38) और मरियम (18) के रूप में हुई है। हादसे में लापता दो युवती नरगिश (18) और महक बानो (18) का देर शाम तक कोई पता नहीं चल सका। दोनों की तलाश के लिए पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी लोग नदी देखने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे गहरे पानी में जा गिरे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन बहाव और अधिक गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया। शवों को कब्जे में लेकर मर्चरी के लिए भेज दिया गया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 30, 2026, 15:12 IST
अयोध्या में हादसा: नदी में डूबने से तीन महिलाओं की मौत, दो युवतियों की तलाश जारी #CityStates #Ayodhya #UttarPradesh #AyodhyaNews #UpNews #SarayuRiverAyodhya #SubahSamachar
