Fatehabad News: एसीबी ने 50 हजार रुपये रिश्वत लेते चपरासी और चालक को रंगे हाथ दबोचा

फतेहाबाद। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने मंगलवार दोपहर सेल्स टैक्स विभाग में तैनात चपरासी और चालक को स्क्रैप कारोबार से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चालक धोलूराम और चपरासी सुशील को टीम एसीबी कार्यालय ले गई और पूछताछ के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली। आरोपियों ने कारोबारी से कहा कि इस राशि में उन्हें सिर्फ पांच हजार रुपये मिलने हैं, बाकी ऊपर देने हैं। ऐसे में सेल्स टैक्स विभाग के अधिकारी भी संदेह के घेरे में है।एसीबी के इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि धोलूराम ईटीओ का चालक है। जींद जिले के धमतान साहिब निवासी स्क्रैप कारोबारी बिशनदत्त ने शिकायत दी थी कि वह पुरानी बैटरियां खरीदने का भी काम करता है। फतेहाबाद से पुरानी बैटरियां खरीदकर जींद में बेचता है। स्क्रैप की बैटरियों के बिल नहीं होते है लेकिन सेल्स टैक्स विभाग के अधिकारी बिल के नाम पर तंग करते हैं और चालान करने का डर दिखाकर रिश्वत की मांग करते हैं। विभाग के कर्मचारी धोलूराम व चपरासी उससे 50 रुपये की मांग कर रहे हैं। शिकायत की पुष्टि के बाद बिशनदत्त को रसायन लगे 50 हजार रुपये देकर आरोपियों के पास भेजा। धोलूराम और चपरासी सुशील कुमार की बताई जगह हिसार रोड स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचकर बिशनदत्त ने जैसे ही उन्हें रुपए थमाए एसीबी की टीम ने छापा मारकर दोनों को काबू कर लिया। शिकायतकर्ता ने एसीबी को रिकॉर्डिंग भी सौंपी है जिसमें आरोपी रुपयों की डिमांड कर रहे हैं और कह रहे हैं कि हमारे हिस्से तो पांच हजार आने हैं, बाकी ऊपर जाने हैं। -----अधिकारियों के साथ रहते थे आरोपी एसीबी के मुताबिक सेल्स टैक्स विभाग के अधिकारियों की रोटेशन के अनुसार ड्यूटी लगती है। अधिकारियों के साथ ही दोनों आरोपी रहते हैं और शिकायतकर्ता से रिश्वत की डील कर रहे थे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 02, 2026, 22:58 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Fatehabad News: एसीबी ने 50 हजार रुपये रिश्वत लेते चपरासी और चालक को रंगे हाथ दबोचा #ACBCaughtAPeonAndADriverRed-handedWhileAcceptingABribe #SubahSamachar