Una News: फीस वृद्धि के खिलाफ एबीवीपी ने शुरू की क्रमिक भूख हड़ताल
ऊना। फीस वृद्धि के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ऊना इकाई ने बुधवार को महाविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। छात्रों ने फीस वृद्धि वापस लेने की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद एबीवीपी ने आंदोलन को और तेज करते हुए मांग पूरी होने तक क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करने का एलान किया। छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग भी प्रदर्शन के दौरान प्रमुखता से उठाई गई।इकाई अध्यक्ष सूर्य शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय कभी आम और गरीब परिवारों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करने का महत्वपूर्ण माध्यम रहा है, लेकिन हाल में की गई फीस वृद्धि से गरीब और मध्य वर्गीय परिवारों के छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बड़ी संख्या में परिवार कृषि, बागवानी और छोटी नौकरियों पर निर्भर हैं। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई, रहने और खाने का खर्च उठाना पहले ही चुनौतीपूर्ण है। फीस में बढ़ोतरी से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उन्होंने प्रशासन से फीस वृद्धि तत्काल वापस लेने की मांग की। वहीं छात्र संघ चुनाव तत्काल बहाल करने की मांग भी उठाई। उधर, कालेज प्राचार्य डॉ. मीता शर्मा ने बताया कि भूख हड़ताल को लेकर किसी प्रकार की सूचना उन्हें नहीं दी गई। जो विद्यार्थी प्रदर्शन में शामिल है, वे समस्या या मांग का हल बातचीत के जरिये भी कर सकते हैं। बातचीत के लिए कोई छात्र उनके कार्यालय नहीं आया। कुछ कोर्स की फीस में बढ़ोतरी व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जरूरी है। क्योंकि कुछ कोर्स ऐसे हैं, जिनका खर्च संस्थान प्रबंधन ही उठाता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 12, 2026, 23:25 IST
Una News: फीस वृद्धि के खिलाफ एबीवीपी ने शुरू की क्रमिक भूख हड़ताल #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
