Mandi News: अब्दुल और सिद्धार्थ ने लहराया जीत का परचम

मंडी के भिउली में गज्जन पहलवान की स्मृति में हुआ दंगलसंवाद न्यूज एजेंसी मंडी। मंडी से संबंध रखने वाले दिग्गज पहलवान गज्जन की स्मृति में भिउली स्थित भीमा काली माता मंदिर परिसर में दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों के करीब 300 पहलवानों ने दमखम दिखाया। मुख्य मुकाबला बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर वाला रहा। इसमें चंबा के अब्दुल गन्नी ने अपनी शानदार तकनीक और ताकत का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। उनकी इस जीत पर उन्हें 16,000 रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया गया। वहीं, कैथल के पीटी पहलवान ने भी शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन वह उपविजेता रहे और उन्हें 15,000 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। छोटी माली वर्ग में भी मुकाबले बेहद रोचक रहे। यहां सुंदरनगर के उभरते हुए पहलवान सिद्धार्थ राव ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। उन्हें 11,000 रुपये की इनामी राशि प्रदान की गई। इस वर्ग में पट्टी के बादशाह पहलवान उपविजेता रहे। उन्हें 10,000 रुपये से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी लवी सिंह भाटिया ने शिरकत की और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। दंगल कमेटी के प्रधान प्रकाश चंद, उप प्रधान महेंद्र सिंह और अन्य सदस्यों ने बताया कि गज्जन पहलवान की स्मृति में इस दंगल का आयोजन हर वर्ष धूमधाम से किया जाएगा। इस अवसर पर भीमा काली मंदिर कमेटी के प्रधान पुष्प राज शर्मा और परशुराम अवार्ड से सम्मानित डॉ. संजय यादव मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 20, 2026, 17:52 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Mandi News: अब्दुल और सिद्धार्थ ने लहराया जीत का परचम #AbdulAndSiddharthHoistedTheFlagOfVictory #SubahSamachar