एक सीट वाली आप ने पलटा खेल: मुकेरियां परिषद पर जमाया कब्जा, कांग्रेस के तीन पार्षद और निर्दलीय का मिला साथ

नगर परिषद चुनाव में सिर्फ एक सीट जीतने वाली आम आदमी पार्टी (आप) ने राजनीतिक समीकरण बदलते हुए 15 सदस्यीय मुकेरियां नगर परिषद पर कब्जा कर लिया। पार्टी समर्थित अनूप कुमार भट्टी अध्यक्ष और डॉ. मधुमिता उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। चुनाव परिणाम घोषित होने के करीब दो माह बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का चुनाव हुआ। नगर परिषद चुनाव में भाजपा के सात, कांग्रेस के छह, आप के एक और एक निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की थी। इसके चलते भाजपा अध्यक्ष पद की मजबूत दावेदार मानी जा रही थी लेकिन चुनाव से पहले हुए राजनीतिक बदलावों ने पूरा गणित बदल दिया। इस दौरान कांग्रेस के तीन पार्षद आप में शामिल हो गए। पूर्व कांग्रेसी नेता सरबजोत सिंह साबी भी पार्टी में शामिल हुए जबकि एक निर्दलीय पार्षद ने समर्थन दे दिया। अध्यक्ष पद के चुनाव से एक दिन पहले भाजपा पार्षद अनूप भट्टी और डॉ. मधुमिता ने भी आप का दामन थाम लिया। इसके बाद आप के समर्थन में 10 पार्षद हो गए और दोनों पदों पर जीत दर्ज कर ली। नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने शहर में सफाई, पेयजल, सड़क, सीवरेज और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही। चुनाव के दौरान आप के कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 04, 2026, 03:59 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




एक सीट वाली आप ने पलटा खेल: मुकेरियां परिषद पर जमाया कब्जा, कांग्रेस के तीन पार्षद और निर्दलीय का मिला साथ #CityStates #Chandigarh-punjab #Amritsar #AapPunjab #MukerianMunicipalCouncil #SubahSamachar