Una News: गगरेट क्षेत्र के युवक ने लगाए धमकाने के आरोप, एएसपी को सौंपा ज्ञापन
गगरेट (ऊना)। गगरेट क्षेत्र के गांव चतेहड़ निवासी अरुण कुमार ने पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई में ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए एसएसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतें देने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है जबकि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।अरुण कुमार ने बताया कि 20 मई को उनके साथ एक वारदात हुई थी, जिसकी शिकायत उन्होंने गगरेट पुलिस थाना में दी थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद 22 मई को उन्होंने पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ से मुलाकात की। उनका कहना है कि एसपी ने मामले की जांच के लिए गगरेट और अंब थाना प्रभारी की अगुवाई में टीमें गठित करने के निर्देश दिए थे लेकिन दो दिन बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें पुलिस सुरक्षा देने का आश्वासन दिया गया था, वह भी पूरा नहीं किया गया।अरुण कुमार के अनुसार मंगलवार रात वह अपनी पत्नी को पीजीआई से लेकर घर लौट रहे थे। रात करीब सवा दस बजे गगरेट के पास एक थार गाड़ी ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि गाड़ी ने कई बार ओवरटेक कर कट मारे और यह सिलसिला उनके घर तक चलता रहा। घर पहुंचने के बाद उन्हें एक अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसमें कथित तौर पर शिकायत वापस लेने की धमकी दी गई। फोन करने वाले ने परिवार सहित जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने बताया कि उनकी माता ग्राम पंचायत चतेहड़ से प्रधान पद की उम्मीदवार हैं और चुनावी रंजिश के चलते विरोधी पक्ष के लोग उन्हें लगातार धमका रहे हैं। उनका कहना है कि इससे पहले भी वे धमकाने संबंधी शिकायतें पुलिस के पास दर्ज करवा चुके हैं।अरुण कुमार ने आरोप लगाया कि जिन लोगों पर वह शक जता रहे हैं, उनमें शामिल एक व्यक्ति पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पुलिस प्रशासन किसी बड़ी वारदात या अनहोनी के बाद ही जागेगा। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पंचायत चुनावों के दौरान चतेहड़ क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की है।वहीं एएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि गगरेट क्षेत्र के चतेहड़ निवासी व्यक्ति की शिकायत प्राप्त हुई है, जिसमें धमकी मिलने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है तथा पुराने मामलों की भी स्थानीय पुलिस जांच कर रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 27, 2026, 18:39 IST
Una News: गगरेट क्षेत्र के युवक ने लगाए धमकाने के आरोप, एएसपी को सौंपा ज्ञापन #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
