Roorkee News: मामूली कहासुनी पर युवक को पीटा
टिक्कमपुर गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। गांव के ही एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दूसरे युवक पर लात-घूंसे और बेल्टों से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।मंगलवार को सुल्तानपुर क्षेत्र के टिक्कमपुर गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर जन्मोत्सव के तहत ग्रामीण शोभायात्रा निकाल रहे थे। इसी दौरान गांव के प्रवीन कुमार और अमन के बीच किसी बात पर हल्की कहासुनी हो गई। शोभायात्रा समाप्त होने के बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया। आरोप है कि गुस्साए युवक ने अपने दोस्तों को बुला लिया और घर के बाहर बैठे प्रवीन पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने प्रवीन को लात-घूंसे और बेल्टों से बेरहमी से पीटा।युवक के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर दौड़े लेकिन ग्रामीणों को आता देख हमलावर फरार हो गए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका उपचार चल रहा है। मारपीट की घटना पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पीड़ित पक्ष ने घटना की तहरीर पुलिस को देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि टिक्कमपुर गांव में हुई मारपीट का मामला संज्ञान में है। मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 15, 2026, 17:13 IST
Roorkee News: मामूली कहासुनी पर युवक को पीटा #AYoungManWasBeatenUpOverAMinorAltercation #SubahSamachar
