Una News: सीमेंट से लदा ट्रक घर की दीवार और गेट से टकराया

दौलतपुर चौक (ऊना)। दौलतपुर चौक के समीप चलेट क्षेत्र में शुक्रवार देर रात करीब दो बजे के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बरमाणा से तलवाड़ा की ओर जा रहा सीमेंट से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान की बाहरी दीवार और मुख्य गेट से जा टकराया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद ट्रक का एक हिस्सा मकान की ओर तथा दूसरा हिस्सा सड़क पर ही फंसा रहा। ट्रक पलटने की स्थिति में था जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। यदि ट्रक पलट जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। हालांकि स्थानीय लोगों और संबंधित टीम की तत्परता से ट्रक को सहारा देकर गिरने से बचा लिया गया। हादसे में मकान की बाहरी दीवार, मुख्य गेट तथा ट्रक को नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि घटना के समय घर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय स्तर चर्चा है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण ट्रक अनियंत्रित हुआ हो सकता है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देर रात तक ट्रक को सुरक्षित निकालने और यातायात व्यवस्था बहाल करने के प्रयास जारी रहे। समय रहते स्थिति संभल जाने से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया, जिससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 13, 2026, 19:41 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: सीमेंट से लदा ट्रक घर की दीवार और गेट से टकराया #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar