Una News: सड़क पर झुका पेड़ बना खतरा

बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब के तहत नंदपुर से ठठल सड़क पर एक पेड़ सड़क की ओर झुक गया है। इससे सड़क का आधा हिस्सा पूरी तरह आवाजाही के लिए अवरुद्ध हो चुका है। हालात ये हैं कि अब यहां से एक समय में केवल एक ही वाहन निकल पा रहा है। ऐसे में वाहन चालकों को आवाजाही के दौरान परेशानी हो रही है। जानकारी अनुसार कुछ दिन पहले जिले में आए भारी अंधड़ के कारण एक विशाल पेड़ सड़क की ओर झुक गया जो अभी भी उसी स्थिति में मौजूद है। स्थानीय लोगों संजीव कुमार, अजय और सीमा कौंडल का कहना है कि अंधड़ आए हुए कई दिन बीत चुके हैं लेकिन अभी तक संबंधित विभाग ने पेड़ को हटाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। सड़क संकरी होने के कारण वाहन चालकों को खासकर रात के समय बड़े वाहनों को गुजरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे लोक निर्माण विभाग की ओर से लगाई गई सड़क लोकार्पण पट्टिका भी इस पेड़ की शाखाओं के नीचे ढक गई है। इस पट्टिका पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व विधायक बलवीर सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर सहित प्रवीण शर्मा के नाम अंकित हैं। लोगों ने विभाग से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग उठाई है। लोक निर्माण विभाग अंब के कनिष्ठ अभियंता वरिंद्र वर्मा ने बताया कि मामला विभाग के ध्यान में आ चुका है। जल्द पेड़ को वहां से हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 20, 2026, 18:33 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: सड़क पर झुका पेड़ बना खतरा #ATreeLeaningOnTheRoadPosesADanger #SubahSamachar