Yamuna Nagar News: राष्ट्रीय राजमार्ग-73ए पर गिरा पेड़, चार घंटे लगा रहा जाम
प्रतापनगर(यमुनानगर)। कलेसर जंगल से निकल रहे जगाधरी पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग-73ए पर बारिश व तूफान से एक पेड़ उखड़कर सड़क के बीच गिर गया। इससे सड़क मार्ग बंद हो गया और जाम लगने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों व राहगीरों ने पेड़ हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो पाया। तूफानी व बारिश की रात में जाम में फंसे लोगों की सांसें अटकी रही, लोगों को हादसे का भय सताता रहा। यातायात बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। राहगीर विनेश कुमार, योगेश कुमार, रहमान, विकास, सतीश ने बताया कि शनिवार मध्यरात्रि 12 बजे तूफान व बारिश के दौरान एक विशाल पेड़ जड़ सहित उखड़कर हाईवे पर गिर गया, जिससे सड़क पर आवागमन ठप हो गया। गनीमत रही कि उस समय कोई वाहन या राहगीर पेड़ की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पेड़ गिरने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब चार घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। बारिश के दौरान फंसे लोगों को हादसे का भय सता रहा था। इसके बाद ग्रामीणों व राहगीरों ने मिलकर पेड़ सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात सुचारु रूप से शुरू हो सका। घटना ने एक बार फिर बारिश के दौरान जंगल क्षेत्र से गुजरने वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और पेड़ों की नियमित निगरानी की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 01, 2026, 06:03 IST
Yamuna Nagar News: राष्ट्रीय राजमार्ग-73ए पर गिरा पेड़, चार घंटे लगा रहा जाम #ATreeFellOnNationalHighway-73A #CausingTrafficJamForFourHours. #SubahSamachar
