Balrampur News: आगरा के व्यापारी को नकली धातु भेज 18 लाख की चांदी हड़पी
बलरामपुर। नगर क्षेत्र में फर्जी फर्म और जीएसटी नंबर का सहारा लेकर आगरा के एक व्यापारी से करीब 18 लाख रुपये से अधिक की चांदी हड़पने का मामला सामने आया है। आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिये चांदी के आभूषण बनाने का ऑर्डर दिया। चांदी के तैयार गहने आगरा के व्यापारी से मंगाने के बाद उन्हें नकली धातु भेज दी। जब व्यापारी ने जांच कराई तो चांदी के बजाय गिलट निकलने पर ठगी का खुलासा हुआ। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।आगरा जनपद के राठौर नाला पीपल मुंडी निवासी पवन कुमार राठौर ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि वह दीक्षा एंटरप्राइजेज नाम से चांदी के आभूषण बनाने का कारोबार करते हैं। तीन नवंबर 2025 को उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से मुकेश सर्राफ नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने करीब 20 किलोग्राम चांदी के आभूषण तैयार करने का ऑर्डर दिया। इसके बदले व्यापारी को चांदी भेजनी थी।व्यापारिक प्रक्रिया के तहत पवन कुमार ने आरोपी से उसकी फर्म का नाम और जीएसटी नंबर मांगा। इस पर आरोपी ने व्हाट्सएप पर एक विजिटिंग कार्ड भेजा, जिसमें जायसवाल ज्वेलर्स श्री राधा कृष्ण वस्त्रालय नाम की फर्म, जीएसटी नंबर और दुकान का पता गोंडा रोड भगवतीगंज बलरामपुर दर्शाया गया था। इसके साथ ही हेड ब्रांच चोरीचौरा, गोरखपुर भी लिखा था। कागजात सही प्रतीत होने पर व्यापारी ने ऑर्डर के अनुसार माल तैयार कराना शुरू कर दिया। पीड़ित के अनुसार तैयार माल करीब 16.299 किलोग्राम हुआ, जिसमें 6.356 किलोग्राम फाइन चांदी थी। इसकी कीमत लगभग 18.35 लाख रुपये थी। माल तैयार होने के बाद आरोपी ने फोन कर सामान को एससीएन लॉजिस्टिक के माध्यम से भेजने को कहा। व्यापारी ने बताए गए पते पर पार्सल के जरिये माल भेज दिया। कुछ दिनों बाद आरोपी की ओर से कच्ची चांदी के कुछ टुकड़े और कागजात भेजे गए, जो लॉजिस्टिक के माध्यम से व्यापारी की दुकान पर पहुंचे। जब उनकी शुद्धता की जांच कराई गई तो चांदी के बजाय गिलट धातु के टुकड़े निकले। पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने आरोपी को इस संबंध में फोन कर जानकारी दी तो वह गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद उसने फोन बंद कर लिया और संपर्क समाप्त कर दिया। आरोपी की तलाश जारीपीड़ित व्यापारी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूट रचना और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।मनोज कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 11, 2026, 16:38 IST
Balrampur News: आगरा के व्यापारी को नकली धातु भेज 18 लाख की चांदी हड़पी #UpNews #BalrampurNews #SubahSamachar
