Noida News: जरा सी चिंगारी और भारी तबाही
जरा सी चिंगारी और भारी तबाही हाईराइज सोसाइटियों की मार्केट और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में आग लगने का खतरा अधिक सुरक्षा मानकों की अनदेखी बन सकती है बड़ी मुसीबत माई सिटी रिपोर्टर नोएडा। हाईराइज सोसाइटियों की मार्केट और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में आग लगने का खतरा अधिक रहता है। अधिकतर हाईराइज सोसाइटियों में फायर फाइटिंग के इंतजाम अधूरे हैं, वहीं दूसरी तरफ गेट के ठीक बाहर सजने वाली मार्केट और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में सुरक्षा की अनदेखी भारी पड़ सकती है। सोसाइटी की मार्केट में दुकानदारों की ओर से बाहर तक सामान फैला दिया जाता है। इसके अलावा सोसाइटियों के बाहर रेहड़ी-पटरी लग जाती हैं, इससे रास्ता बेहद संकरा हो जाता है। इन बाजारों में लटकते बिजली के तार आम बात है। गर्मी में एसी व कूलर के अधिक इस्तेमाल से शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है। मार्केट में चलने वाली दुकान व रेस्टोरेंट में गैस सिलिंडरों का इस्तेमाल बिना किसी सुरक्षा मानकों के किया जाता है। सोसाइटी निवासियों और एओए पदाधिकारियों का कहना है कि मार्केट में सुरक्षा की अनदेखी की जा रही है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। यदि किसी सोसाइटी की मार्केट में आग लगती है, तो संकरी सड़कों और बेतरतीब पार्किंग के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में मुश्किल हो सकती है। अधिकतर सोसाइटियों और सोसाइटी की इन मार्केट के पास एनओसी नहीं होती है। 80 प्रतिशत से अधिक दुकानों में आग बुझाने के उपकरण नहीं हैं। अतिक्रमण के कारण आपातकालीन रास्ते पूरी तरह ब्लॉक रहते हैं। कोट्स सोसाइटी के बाहर की मार्केट में दो बार आग लगने की घटना हो चुकी है। इसकी शिकायत प्रशासन को दी गई है। एल, एम, एन, ओ, पी टावरों के नीचे ही यह मार्केट है और यहां पर आग से बचने का कोई रास्ता नहीं है। -हुमायूं शहजाद, आम्रपाली प्रिसंले एस्टेट, सेक्टर-76सोसाइटी के अंदर ही मार्केट बनी हुई है, शाम होते ही भीड़ बढ़ जाती है। दुकानदारों ने दुकानें आगे बढ़ाकर जगह घेर ली है। यदि यहां पर आग लगने की घटना होती है तो बुझाना मुश्किल होगा। -जोगिंदर सिंह, आम्रपाली जोडिएक, सेक्टर-120 सोसाइटी के बाहर 250 दुकानें अवैध रूप से लग रही थीं लेकिन हमने खाली करवा दिया था फिर वही स्थिति हो चुकी है। 2020-21 में यहां पर भयंकर आग लगी थी। आग लग गई तो बचना मुश्किल होगा। -प्रभात कुमार, पूर्व एओए अध्यक्ष, गोल्फ सिटी प्लॉट 8, सेक्टर-75 सोसाइटी के गेट नंबर 1 के पास कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में लोगों का आना-जाना अधिक रहता है लेकिन यहां पर आग से बचाव के उपकरण नहीं हैं। एओए ने अपनी तरफ से यहां पर और मेन गेट पर फायर सिलिंडर रखवाए हैं। -डॉ. अजीत कुमार सिंह, एओए अध्यक्ष, आम्रपाली प्लेटिनम, सेक्टर-119
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 25, 2026, 19:14 IST
Noida News: जरा सी चिंगारी और भारी तबाही #ATinySparkAndMassiveDevastation. #SubahSamachar
