Kullu News: आपदा से क्षतिग्रस्त गुशैणी स्कूल के लिए एक करोड़ का प्रारूप बनाया
कुल्लू। आपदा से क्षतिग्रस्त हुई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुशैणी का भवन फिर से बनने की उम्मीद जग गई है। प्रशासन और विभाग ने स्कूल भवन बनाने के लिए यहां एक करोड़ रुपये का प्रारूप बनाया है। इसे स्वीकृत करने के लिए सरकार को भेजा गया है। आपदा से क्षतिग्रस्त हुए भवन के बाद स्कूल के विद्यार्थियों की कक्षाएं एक निजी भवन में चल रही हैं। जिससे विद्यार्थियों को भी काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि इससे बच्चों को पढ़ने में परेशानी हो रही है। दरअसल, जून-जुलाई में आई आपदा के दौरान तीर्थन नदी में बाढ़ आ गई थी जिसकी चपेट में गुशैणी स्कूल भी आ गया थी। यहां स्कूल में नाले का मलबा और पानी भी घुस गया था जिससे भवन पूरी तरह से ढह गया था इससे अब आने वाले समय में भी भवन बनाने को लेकर खतरा पैदा हो गया है। इसके चलते अब बजट के साथ साथ भवन निर्माण के लिए जगह की भी जरूरत है। ऐसे में विभाग ने इस स्कूल भवन के निर्माण के लिए प्रारूप तैयार कर इसे सरकार की स्वीकृति के लिए भेज दिया है।बहरहाल, इस भवन के लिए सरकार की ओर से पांच लाख रुपये का बजट मिला है, इससे हालांकि भवन का निर्माण होना मुश्किल है। ऐसे में विभाग ने एक विस्तृत प्रारूप बनाया है ताकि स्कूल भवन एक साथ बनाया जा सके और विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस स्कूल में तीन सौ से अधिक बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। उधर, शिक्षा उपनिदेशक उच्च देस राज डोगरा ने बताया कि विभाग के पास अभी इस भवन के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये आए हैं लेकिन इससे भवन बनाना मुश्किल है। ऐसे में विभाग की ओर से बड़ा प्रपोजल तैयार कर सरकार को भेजा है। स्वीकृति मिलने के बाद भवन का निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। उपायुक्त कुल्लू तोरूल एस रवीश ने बताया कि इस स्कूल के लिए एक करोड़ रुपये के बजट का प्रारूप बनाया है। इसे स्वीकृति मिलने के बाद कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 12, 2026, 23:13 IST
Kullu News: आपदा से क्षतिग्रस्त गुशैणी स्कूल के लिए एक करोड़ का प्रारूप बनाया #KulluNews #KulluTodayNews #KulluUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
