मौत को मात: धू-धू कर जल उठी 40 यात्रियों से भरी बस, मची चीख-पुकार; जानें कैसी बची जान

मध्य प्रदेश के देवास जिले में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नेवरी फाटा टोल के पास भोपाल से इंदौर जा रही यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बस जलकर खाक हो गई, हालांकि चालक की सूझबूझ से बस में सवार 40 से ज्यादा यात्रियों की जान बच गई। चलती बस में उठने लगा धुआं जानकारी के अनुसार, बस रीवा से गुजरात के सूरत जा रही थी। शाम करीब 5 बजे भोपाल रोड स्थित भौंरासा टोल नाके के पास नेवरी फाटे के समीप बस में अचानक धुआं उठने लगा। एक बाइक सवार ने बस चालक को आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। बस में सवार कुछ यात्री ही अपना सामान निकाल पाए, जबकि बाकी का सामान बस के साथ जल गया। डीजल टैंक से आग फैलने की आशंका प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग पहले बस के डीजल टैंक में लगी, जिसके बाद धुआं तेजी से फैलता हुआ पूरी बस में आग बनकर फैल गया। देखते ही देखते बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सदमे में आ गए, कुछ लोग रोते हुए नजर आए, वहीं एक यात्री बेहोश हो गया, जिसे पुलिस ने संभाला। ये भी पढ़ें:उज्जैन सम्राट विक्रम विश्वविद्यालय:किसने दीवारों पर लिखा तुम सब मरोगे! लाल कपड़े के पीछे का क्या है खेल फायर ब्रिगेड पहुंची, स्थानीय लोगों ने पाया काबू घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था। पुलिस के अनुसार इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। बस में आग लगने के कारण इंदौर-भोपाल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कुछ समय बाद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभाली और वाहनों को धीरे-धीरे निकालकर यातायात फिर से शुरू कराया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 29, 2026, 09:19 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




मौत को मात: धू-धू कर जल उठी 40 यात्रियों से भरी बस, मची चीख-पुकार; जानें कैसी बची जान #CityStates #Dewas #MadhyaPradesh #MpNews #MpNewsInHindi #SubahSamachar