Pithoragarh News: बंगापानी के जंगलों में लगी भीषण आग, वन विभाग अनजान

फायर सीजन शुरू होने को है और पिथौरागढ़ जिले में बैठकों का दौर शुरू कर वनाग्नि से निपटने की रूपरेखा भी तय हुई है। क्रू सेंटर स्थापित कर वनाग्नि से जंगलों की सुरक्षा के दावे हो रहे हैं। इससे उलट जंगलों में लगी आग और जिम्मेदारों का इन घटनाओं से अनजान बने रहना दावों की हकीकत बयां कर रहा है। दो दिनों से धधक रहे बंगापानी के कई जंगल इसका प्रमाण हैं। बंगापानी तहसील क्षेत्र में आलम-दारमा, धामीगांव और मदरमा के जंगल में दो दिनों से आग लगी है। इन जंगलों से आग की लपटें उठ रही हैं और वन विभाग अनजान है। वनाग्नि से जंगलों के बड़े दायरे को अपनी चपेट में लिया है जिससे वन संपदा काफी नुकसान पहुंचा है। जंगल में बांज, बुरांश सहित अन्य प्रजाति के कई पेड़ जलकर नष्ट हो गए हैं। जंगलों से निकलने वाला धुआं आबादी में फैलकर लोगों की दिक्कतें बढ़ा रहा है। धुएं से लोगों की आंखों में जलन होने के साथ ही बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी है। जंगल धू-धूकर जल रहे हैं और इनकी सुरक्षा करने वाले जिम्मेदार गायब हैं। अब वन विभाग जल्द टीम भेजकर आग बुझाने की बात कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहा है। दुर्लभ वन्य जीवों के जीवन पर संकट तहसील क्षेत्र के जंगल राज्य पक्षी मोनाल, काले भालू, घुरड़, काकड़ सहित अन्य कई दुर्लभ वन्यजीवों का आशियाना है। यहां के जंगलों में आग लगने से वन संपदा को नुकसान पहुंचने के साथ ही इन वन्यजीवों के जीवन पर संकट गहरा गया है। हैरानी की बात है कि इन जंगलों में पूर्व में भी आग लगी थी। वन विभाग ने अराजक तत्वों को इसके लिए जिम्मेदार बताया था। अब तक भी अराजक तत्वों की पहचान नहीं हो सकी। फिर से विभाग यही कारण बता रहा है। आलम-दारमा, धामीगांव और मदरमा के जंगल में आग लगने की सूचना मिली है। जल्द ही टीम भेजकर आग बुझा ली जाएगी। आग लगाने वाले अराजक तत्वों की पहचान भी की जाएगी। - लवराज सिंह पांगती, रेंजर, मुनस्यारी

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 09, 2026, 16:03 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Pithoragarh News: बंगापानी के जंगलों में लगी भीषण आग, वन विभाग अनजान #CityStates #Pithoragarh #UttarakhandNews #UkNews #PithoragarhNews #ForestFire #Bangapani #JungleFire #FireSeason #ForestDepartment #SubahSamachar