Noida News: स्पार्क मिंडा कंपनी में लगी भीषण आग, करोड़ों के नुकसान की आशंका

- सेक्टर-59 स्थित कंपनी में केमिकल और थीनर स्टोरेज में लगी है आग, 600 कर्मचारियों को बाहर निकाला नंबर 5 लोग घायल40 दमकलों से बुझाई जा रही है आग 150 अग्निशमन कर्मी जुटे माई सिटी रिपोर्टर नोएडा। सेक्टर-59 स्थित स्पार्क मिंडा कंपनी में शनिवार शाम करीब छह बजे अचानक आग लग गई। आग लगते ही कंपनी में अफरातफरी मच गई। हादसे के वक्त कंपनी में करीब 600 कर्मचारी काम कर रहे थे। फायर अलार्म बजते ही लोग बाहर की तरफ भागे। कंपनी परिसर में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्टोर के आसपास तुरंत ही धुआं भर गया। धुआं भरने व अफरातफरी के बीच पांच लोग घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल भेज दिया गया। आग लगने से करोड़ों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चला पाया है। अग्निशमन विभाग की ओर से शॉट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। देर रात तक 40 दमकल वाहनों से आग बुझाने की कोशिश की जा रही थी। सीएफओ प्रदीप चौबे ने बताया कि सेक्टर-59 स्थित ऑटो पार्ट्स बनाने वाली स्पार्क मिंडा कंपनी में शनिवार शाम करीब छह बजे भूतल और प्रथम तल पर आग लगी थी। यहां केमिकल और थिनर का स्टोर में लगी आग तेजी से फैलने लगी। अग्निशमन विभाग की टीम के मौके तक पहुंचने से पहले आग तेजी से फैल चुकी थी। शुरुआत में कंपनी के अंदर काम कर रहे लोगों को बाहर निकाला गया। इस दौरान पांच लोग चोटिल व दम घुटने से परेशान हो गए। पांचों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। पहले पांच दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया था। बाद में 20 और गाड़ियां भेजी गईं। धुएं का गुबार इतना अधिक निकल रहा है कि आग बुझाने में अग्निशमनकर्मियों को परेशानी हो रही है। देर शाम मौके पर 15 और दमकल वाहन भेजे गए। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के चलते आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। स्थानीय पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बनाकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। आग पर काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा। फिलहाल दमकल विभाग का अभियान जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सीएफओ ने बताया कि कंपनी में सात से आठ लाख लीटर पानी का स्टोरेज है। आसपास की कंपनियों से भी पानी भरा जा रहा है। कई जिलों की दमकल वाहन पहुंचे आग लगने के बाद नोएडा की दमकल गाड़ियों के साथ ही आसपास के जिलों की अग्निशमन टीम भी बुलाई गई। गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर की दमकल टीम पहुंची और आग बुझाने में लग गई। करीब डेढ़ सौ से अधिक अग्निशमन कर्मी देर रात तक आग बुझाने के काम में लगे हुए हैं। केमिकल में आग होने के कारण बुझाने में दिक्कत आ रही है। रूक-रूक कर आग व धुआं निकल रहा है। आसमान में फैला धुआं, आसपास की कंपनियों में छुट्टी आग लगने के बाद आसमान में घंटों धुएं का गुबार दिखता रहा। इससे आसपास की कंपनियों व सोसाइटी के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम को ही आसपास की कंपनियों में छुट्टी कर दी गई। धुएं से सेक्टर-59, 62 व मामूरा के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कंपनी के सामने ही सेक्टर-62 में कई सोसाइटियां हैं। उनके फ्लैट के अंदर धुआं जाने से लोगों को दिक्कत हुई। कंपनी ने किया समिति का गठनस्पार्क मिंडा कंपनी की तरफ से बताया गया है कि आग लगने की घटना के बाद पूरी तरह से प्रक्रियाओं का पालन किया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। कंपनी के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। कंपनी के संचालन पर प्रभाव पड़ा है। स्थिति को सामान्य करने, निगरानी एवं समन्वय के लिए कंपनी की तरफ से एक समिति का गठन किया गया है। धुएं से सोसाइटी के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। धुएं से बचने के लिए सोसाइटी से बाहर चले गए। - संजय कुमार गुप्ता, निरूपम वाटिका, सेक्टर-62 शाम के वक्त अचानक से बदबू आने लगी और आंखों में जलन होने लगी। धुएं से हमलोग दो घंटे तक परेशान रहे। - अनिल गर्ग, फ्लेक्स अपार्टमेंट, सेक्टर-62 धुएं के कारण बुजुर्गों व बीमार लोगों को काफी दिक्कत हुई। उनकी अतिरिक्त देखभाल करनी पड़ी। - दीप चंद बेलवाल, फ्लेक्स अपार्टमेंट सेक्टर-62सेक्टर-62 में कई सोसाइटियों में धुआं के जाने से परेशानी हुई। कई लोग फ्लैट से निकल कर पार्क में आ गए। -आरके उप्रेती, विनायक अपार्टमेंट, सेक्टर-62

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 30, 2026, 17:38 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Noida News: स्पार्क मिंडा कंपनी में लगी भीषण आग, करोड़ों के नुकसान की आशंका #AMassiveFireBrokeOutAtSparkMinda #CausingLossesWorthCrores. #SubahSamachar