Rohtak News: बृजभूषण ने जिस महादेव रेसलिंग अकादमी को बताया साजिश का केंद्र, वहां टंगा जूस कॉर्नर का बोर्ड
प्रदीप रोहतक। भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष रहे भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने रोहतक की जिस महादेव रेसलिंग अकादमी को अपने खिलाफ साजिश का केंद्र बताया है, वह जूस कॉर्नर का बोर्ड लगाकर चलाई जा रही है। अकादमी का बोर्ड न कहीं प्रचार। यहीं पहलवान बेटियां प्रैक्टिस करती हैं।इसी अकादमी की दो नाबालिग पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाकर सनसनी मचा दी थी। इसी के बाद पॉक्सो एक्ट भी लगा था। हालांकि, दोनों पहलवान कोर्ट में बयानों से मुकर गई थीं। इसके बाद बृजभूषण को पॉक्सो एक्ट के आरोपों से क्लीनचिट भी मिल गई थी। दिल्ली के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने 3 अगस्त को दिए 239 पेज के फैसले में बृजभूषण को क्लीनचिट देते हुए कहा था कि उनके विरुद्ध लगाए गए आरोप गढ़े हुए और राजनीति से प्रेरित थे। कोर्ट ने इस प्रकरण में आईं तमाम शिकायतों को फैंसी और सजी-धजी तक करार दिया था।सोमवार को अदालती फैसले की प्रति सार्वजनिक होते ही बृजभूषण ने इस साजिश के पीछे पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके सांसद बेटे दीपेंद्र हुड्डा का हाथ बताया था। कहा, कुश्ती संघ अध्यक्ष के चुनाव में दीपेंद्र को हराने की खुन्नस में हुड्डा परिवार ने पहलवानों पर दबाव डालकर आरोप लगवाए थे। बृजभूषण ने महादेव रेसलिंग अकादमी को इनकी साजिश में हिस्सेदार बताया था। दावा किया कि यह अकादमी हुड्डा परिवार से जुड़ी है। बुधवार को अमर उजाला के लिए संवाद न्यूज एजेंसी ने गोहाना-सोनीपत रोड स्थित आजादगढ़ कॉलोनी में बमुश्किल इसका पता ढूंढा। जिस अकादमी के देशभर में चर्चे, उसका यहां कहीं कोई बोर्ड तक नहीं दिखा। स्थानीय लोगों ने एक भवन की ओर इशारा करके बताया कि यहीं महादेव रेसलिंग अकादमी चलती है। लड़कियां अंदर कुश्ती सीखती हैं। भवन के बाहर जूस कॉर्नर का बोर्ड टंगा मिला। अंदर जाने के रास्ते पर ताला बंद था। स्थानीय लोगों ने बताया कि गुमनाम-सी यह अकादमी कभी हाईप्रोफाइल रही है। इसे एक सरकारी कर्मचारी चलाते हैं। फोन पर हुई बात में अकादमी संचालक ने नाम न लिखने का आग्रह करते हुए बताया कि दिल्ली में बृजभूषण के खिलाफ प्रदर्शन में विनेश फोगाट, साक्षी मलिक के साथ अकादमी की दो खिलाड़ी भी गई थीं। उन्होंने ही बृजभूषण पर शोषण के आरोप लगाए थे। फिर कोर्ट में बयान बदल दिए थे। वे दोनों तीन साल पहले अकादमी से जा चुकी हैं। इन पहलवानों ने क्या आरोप लगाए, क्यों लगाए और क्यों मुकरीं, इससे उनका कोई नाता नहीं। अकादमी पर लगे आरोपों को भी उन्होंने झूठा करार दिया। संवाद-----संचालक बोले-बेवजह घसीट रहे अकादमी का नामसंचालक ने कहा कि उनकी अकादमी का बृजभूषण बेवजह नाम घसीट रहे हैं। उनका साजिश से कोई लेना-देना नहीं। अकादमी का भूपेंद्र सिंह हुड्डा या उनके परिवार से कोई संबंध नहीं हैं। हुड्डा परिवार का कोई सदस्य वहां कभी आया तक नहीं। अभी तक सिर्फ दो सियासी लोग वहां आए हैं। एक हैं, रोहतक के मेयर रामअवतार वाल्मीकि और दूसरे, भाजपा के एक पूर्व मंत्री के रिश्तेदार। ---------
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 12, 2026, 02:28 IST
Rohtak News: बृजभूषण ने जिस महादेव रेसलिंग अकादमी को बताया साजिश का केंद्र, वहां टंगा जूस कॉर्नर का बोर्ड #AJuiceCornerBoardHangsAtTheMahadevWrestlingAcademy #WhichBrijBhushanIdentifiedAsTheHubOfTheConspiracy. #SubahSamachar
