Jind News: जिला बार की बनाई पांच सदस्यीय एडहॉक कमेटी
जींद। जिला बार में लंबे समय से चल रही प्रशासनिक प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए पांच सदस्यीय एडहॉक कमेटी का गठन किया गया है। यह गठन सोमवार को जिला बार में हुई जनरल हाउस की बैठक में किया गया। इसमें हाईकोर्ट से वरिष्ठ अधिवक्ता रविंद्र रंधावा भी शामिल हुए। एडहॉक कमेटी के गठन से पहले पूरे जिला बार के अधिवक्ताओं से नामों की सिफारिश मांगी गई थी। बार के विभिन्न सदस्यों की ओर से करीब 70 अधिवक्ताओं के नाम प्रस्तावित किए गए थे। इन सभी नामों पर विचार करने के बाद 11 अधिवक्ताओं को चिन्हित किया गया। इसके बाद आपसी सहमति और वरिष्ठता को ध्यान में रखते हुए इनमें से पांच सदस्यों की एडहॉक कमेटी बनाई गई जिनमें एनके कंसल, राममेहर श्योकंद, रविंद्र ढाकल, शमशेर नेहरा और हरिमोन शर्मा शामिल हैं। कमेटी का गठन हाईकोर्ट से पहुंचे अधिवक्ता रविंद्र रंधावा के मार्गदर्शन में किया गया। यह एडहॉक कमेटी फिलहाल बार के प्रशासनिक और संगठनात्मक कार्यों को संभालेगी। कमेटी का मुख्य उद्देश्य बार में पारदर्शिता बनाए रखना, अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान करना और आगामी चुनावों तक बार के कामकाज को सुचारू रूप से चलाना होगा। बार के वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने भी एडहॉक कमेटी के गठन का स्वागत किया है। उनका कहना था कि इससे बार के कार्यों में पारदर्शिता आएगी और अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान समय पर हो सकेगा। वहीं बार के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेकर संगठन को मजबूत करने का काम करेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 02, 2026, 18:58 IST
Jind News: जिला बार की बनाई पांच सदस्यीय एडहॉक कमेटी #AFive-memberAdHocCommitteeFormedByTheDistrictBar #SubahSamachar
