Chandigarh News: एसजीपीसी की कार्यकारिणी बैठक में नए मुख्य ग्रंथी पर फैसला संभव, बुट्टर को मिल सकती है जिम्मेदारी
-दो नए ग्रंथियों की नियुक्ति भी एजेंडे में---अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की आगामी कार्यकारिणी कमेटी की बैठक में श्री हरिमंदिर साहिब के नए मुख्य ग्रंथी की नियुक्ति को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया जा सकता है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार 15 फरवरी के आसपास प्रस्तावित बैठक में ज्ञानी परविंदरपाल सिंह बुट्टर को मुख्य ग्रंथी बनाए जाने पर मुहर लगने की प्रबल संभावना है।बताया जा रहा है कि यह निर्णय 31 जनवरी को प्रस्तावित कार्यकारिणी बैठक में लिया जाना था, लेकिन कुछ प्रशासनिक कारणों से बैठक स्थगित कर दी गई थी। अब एसजीपीसी नए सिरे से एजेंडा तैयार कर रही है, जिसमें मुख्य ग्रंथी की नियुक्ति को प्रमुख मुद्दा बनाया जा सकता है।वर्तमान में मुख्य ग्रंथी ज्ञानी रघबीर सिंह के अवकाश पर जाने के बाद उनकी जिम्मेदारियां अतिरिक्त मुख्य ग्रंथी ज्ञानी अमरजीत सिंह संभाल रहे हैं। वहीं, एक अन्य ग्रंथी ज्ञानी सुल्तान सिंह ने एक वर्ष का अवकाश ले लिया है। जानकारी के अनुसार वह अमेरिका से आर-1 वीजा प्राप्त कर वहां स्थायी रूप से बसने की तैयारी कर रहे हैं और श्री हरिमंदिर साहिब की ओर से उपलब्ध कराई गई रिहायश भी खाली कर चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक दो ग्रंथियों के सेवा से हटने के बाद श्री हरिमंदिर साहिब में दो नए ग्रंथियों की नियुक्ति की भी आवश्यकता है। ऐसे में एसजीपीसी के सामने एक साथ कई अहम फैसले लेने की चुनौती होगी।कौन हैं ज्ञानी परविंदरपाल सिंह बुट्टर ज्ञानी बुट्टर पिछले कई वर्षों से श्री हरिमंदिर साहिब में ग्रंथी के रूप में सेवा दे रहे हैं। वह दमदमी टकसाल मेहता से जुड़े हैं और देश-विदेश में कथावाचन के लिए जाने जाते हैं। वर्तमान ग्रंथियों में उन्हें वरिष्ठ माना जाता है। पंथक हलकों में यह भी चर्चा है कि उनकी नियुक्ति से दमदमी टकसाल और एसजीपीसी के बीच संबंधों में आई दूरी कम हो सकती है। मुख्य ग्रंथी के पद को लेकर होने वाले इस संभावित निर्णय पर सिख संगत की निगाहें टिकी हुई हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 04, 2026, 20:36 IST
Chandigarh News: एसजीपीसी की कार्यकारिणी बैठक में नए मुख्य ग्रंथी पर फैसला संभव, बुट्टर को मिल सकती है जिम्मेदारी #ADecisionOnTheNewHeadGranthi(priest)IsPossibleAtTheSGPCExecutiveCommitteeMeeting;ButtarMayBeGivenTheResponsibility. #SubahSamachar
