अलवर में सनसनी: रातभर छत पर छिपे रहे बदमाश, सुबह GST अफसर के घर डकैती; परिवार को डेढ़ घंटे तक बनाया बंधक

अलवर शहर के सदर थाना क्षेत्र स्थित शालीमार नगर में शनिवार सुबह हुई दुस्साहसिक डकैती ने पूरे शहर को दहला दिया। जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश के घर तीन हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने घुसकर करीब डेढ़ घंटे तक परिवार को बंधक बनाए रखा। इस दौरान मारपीट की, जान से मारने और महिला के साथ दुष्कर्म की धमकी दी तथा करीब 15 तोला सोना, नकदी और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, तीनों बदमाश शनिवार तड़के से पहले ही किसी तरह मकान की छत पर पहुंच गए थे और पूरी रात वहीं छिपे रहे। सुबह करीब छह बजे जैसे ही परिवार ने छत का गेट खोला, बदमाश कट्टे लहराते हुए घर में घुस आए। उन्होंने सबसे पहले ओमप्रकाश, उनकी पत्नी और बच्चों को हथियारों के बल पर कब्जे में लिया। परिवार के सदस्यों के हाथ और मुंह बांध दिए, ताकि कोई शोर न मचा सके। पढे़ं:खंभे हटाए बिना ही बना दी सड़क; लोगों ने पूछा- हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन विरोध करने पर बदमाशों ने परिवार के साथ मारपीट की और पूरे घर में बेखौफ होकर लूटपाट की। महिला से पहने हुए सभी सोने के आभूषण उतरवा लिए। इसके बाद अलमारी खुलवाकर उसमें रखे करीब 15 तोला सोने के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान अपने कब्जे में कर लिया। वारदात के दौरान बदमाश लगातार धमकाते रहे कि यदि पुलिस को सूचना दी गई तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। महिला को दुष्कर्म की धमकी देकर भी भय का माहौल बनाया गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी, एडिशनल एसपी दीपक शर्मा, थाना प्रभारी और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। क्या बोले एडिशनल एसपी एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा। शहर के पॉश इलाके में दिनदहाड़े हुई इस हाई-प्रोफाइल डकैती के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 05, 2026, 15:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




अलवर में सनसनी: रातभर छत पर छिपे रहे बदमाश, सुबह GST अफसर के घर डकैती; परिवार को डेढ़ घंटे तक बनाया बंधक #CityStates #Alwar #Rajasthan #MadhyaPradesh #SubahSamachar