Fatehabad News: वार्डों 9-23 में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए चलना है अभियान, बैठक में इन दोनों के ही पार्षद नहीं पहुंचे

फतेहाबाद। नगर परिषद की ओर से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण अभियान के बारे में मंगलवार को बुलाई गई वार्ड समिति की बैठक में पार्षदों की उदासीनता सामने आई। 27 में से केवल तीन पार्षद उपस्थित रहे। विशेष रूप से वार्ड 9 और 23 जहां अभियान चलाया जाना है वहां के पार्षद ही बैठक में नहीं पहुंचे।बैठक में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी विनय कुमार, स्वच्छ भारत मिशन के सिटी टीम लीडर कुमार सौरभ, एसआई महेश कुमार, रोहताश और वार्ड समिति के सदस्य मौजूद रहे। उपस्थित पार्षद मोहन लाल नारंग, निलांशी शर्मा और सुखदेव सिंह ने शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों में नियमित सफाई नहीं हो रही और डंपिंग साइट से समय पर कचरा नहीं उठाए जाने के कारण गंदगी के ढेर लग रहे हैं। इस वजह से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और स्वच्छता अभियान के लक्ष्यों पर असर पड़ रहा है।बैठक में अधिकारियों ने कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता गतिविधियों पर प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी। बताया गया कि वार्ड नंबर 9 और 23 में विशेष अभियान चलाया जाएगा, जहां कचरा डंपिंग प्वाइंट हटाए जाएंगे और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। हालांकि इन दोनों वार्डों के पार्षद अनुपस्थित रहे, जिससे अभियान को लेकर उनकी गंभीरता पर सवाल उठने लगे। नगर परिषद ने कहा कि पार्षदों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है, क्योंकि अभियान की सफलता सीधे उनके सहयोग और निगरानी पर निर्भर करती है।- निगरानी को बताया जरूरतबैठक में पार्षदों ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए केवल योजनाएं बनाना पर्याप्त नहीं है बल्कि जमीनी स्तर पर उनकी प्रभावी निगरानी और क्रियान्वयन भी जरूरी है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने तथा डंपिंग साइट से कचरे का समय पर उठान कराने की मांग उठाई। बैठक में अधिकारियों ने सुझावों पर अमल करने का आश्वासन दिया। वहीं, कम उपस्थिति को लेकर भी चर्चा हुई और भविष्य में सभी पार्षदों से सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा जताई गई।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 02, 2026, 22:55 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Fatehabad News: वार्डों 9-23 में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए चलना है अभियान, बैठक में इन दोनों के ही पार्षद नहीं पहुंचे #ACampaignForCleanlinessAndEnvironmentalProtectionIsToBeRunInWards9-23 #ButCouncillorsFromBothFailedToAttendTheMeeting #SubahSamachar