Kotdwar News: साइकिल रैली से ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
जागरूकता कार्यक्रम में मेयर समेत कई अधिकारियों ने भी चलाई साइकिलकोटद्वार। प्रोजेक्ट हेल्प इंडिया संस्था की ओर से एक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने भाग लिया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को ईंधन संकट के मद्देनजर साइकिल के इस्तेमाल से ईंधन बचाने का संदेश दिया।रैली से पहले प्रतिभागी बच्चों की आंखों की जांच डॉक्टर सूफियान आई सेंटर में की गई। मालवीय उद्यान में मेयर शैलेंद्र सिंह रावत और सहायक नगर आयुक्त चंद्रशेखर शर्मा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली मालवीय उद्यान से शुरू होकर बदरीनाथ मार्ग, झंडाचौक, स्टेशन सड़क, लालबत्ती चौराहा और मोटर नगर होते हुए मालवीय उद्यान पहुंची। इस दौरान मेयर और सहायक नगर आयुक्त ने खुद भी साइकिल चलाकर रैली में शिरकत की। संस्था ने प्रतिभागी 40 बच्चों को पुरस्कृत किया। मेयर शैलेंद्र सिंह रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का जिक्र किया। उन्होंने पेट्रोल और डीजल की बचत को महत्वपूर्ण बताया। मेयर ने कहा कि साइकिल चलाने से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। इस मौके पर कोतवाल प्रदीप नेगी, चौकी प्रभारी एसआई विनोद चपराना, केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक अग्रवाल, सिद्धबली मंदिर के सहसचिव रवींद्र नेगी, लीसा समिति से सेवक राम मानूजा, हरीश नारंग मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 25, 2026, 17:02 IST
Kotdwar News: साइकिल रैली से ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश #ABicycleRallyConveyedTheMessageOfFuelConservationAndEnvironmentalProtection. #SubahSamachar
