Ambala News: पानी की निकासी और वर्षा जल संचयन पर खर्च होंगे 95 लाख

अंबाला। कैंटोनमेंट बोर्ड अंबाला की ओर से जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए दो बड़े विकास कार्यों की ई-निविदाएं जारी की गई हैं। इन दोनों परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत लगभग 95.86 लाख रुपये आंकी गई है। बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की ओर से जारी सूचना के अनुसार, इन विकास कार्यों के लिए इच्छुक ठेकेदार आगामी 9 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।निविदा के अनुसार, विकास कार्यों को दो मुख्य भागों में विभाजित किया गया है। पहले के तहत नागरिक अस्पताल से गुडगुडिया नाले तक सुदृढ़ीकरण का काम किया जाएगा। इस पर 48.85 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत हिल रोड, नागरिक अस्पताल के नजदीक जगाधरी रोड से लेकर एसवीएम मार्ग यानी सप्लाई डिपो के पास होते हुए गुडगुडिया नाले तक जल निकासी प्रणाली को चौड़ा और बेहतर किया जाएगा। आईटीओ के सामने चर्च रोड आदि क्षेत्रों में भी वर्षा जल संचयन प्रणाली का निर्माण होगा। इस कार्य के लिए बयाना राशि 98 हजार रुपये और टेंडर फीस 1,500 रुपये निर्धारित की गई है। दूसरे कार्य के तहत बब्याल रोड से गोल्डन लॉयन चौक तक जल निकासी सुधार पर 47.01 लाख रुपये खर्च होंगे। इस कार्य केअंतर्गत बब्याल रोड पर सिख लाइट इंफैंट्री से ओएचएसआर तक, पानीपत रोड और पार्क रोड पर बब्याल रोड से गोल्डन लॉयन चौक तक जल निकासी और रेनवाटर हार्वेस्टिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए ठेकेदारों को 95 हजार रुपये बयाना राशि और 1,500 रुपये टेंडर फीस जमा करानी होगी।आगामी मानसून को देखते हुए दो मुख्य कार्याें की ई-निविदाएं जारी की गई हैं। नियम व शर्तों की विस्तृत जानकारी के लिए आवेदक रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल www.defproc.gov.in पर जा सकते हैं। इसके अलावा बोर्ड कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं।राहुल आनंद शर्मा, सीईओ,कैंटोनमेंट बोर्ड,अंबाला।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 30, 2026, 02:44 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Ambala News: पानी की निकासी और वर्षा जल संचयन पर खर्च होंगे 95 लाख #95LakhWillBeSpentOnDrainageAndRainwaterHarvesting. #SubahSamachar