Una News: जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में एक हफ्ते में आए टायफाइड के 80 मामले
ऊना। बदलते मौसम और बढ़ते तापमान के बीच जिले में टायफाइड के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में पिछले एक सप्ताह के दौरान टायफाइड के करीब 80 मामले सामने आए हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ अस्पताल की ओपीडी में भी पिछले कुछ दिनों से बढ़ोतरी देखी जा रही है।मौसम में उतार-चढ़ाव, दूषित भोजन व साफ सफाई का ध्यान न रखने के कारण लोग टायफाइड समेत अन्य मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। अस्पताल में प्रतिदिन बुखार, पेट दर्द, उल्टी, दस्त और कमजोरी जैसी शिकायतों के साथ मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें हर उम्र वर्ग के मरीज शामिल हैं। आयुर्वेदिक विशेषज्ञों का कहना है कि इस मौसम में खान-पान को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों, बासी भोजन और दूषित पानी के सेवन से बचना चाहिए। लोगों को केवल स्वच्छ और ताजा भोजन ग्रहण करने के साथ पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी जा रही है। बता दें कि बीते सप्ताह में जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में 600 के करीब ओपीडी रही। इसमें से 80 मामले केवल टायफाइड से संबंधित हैं। बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए चिकित्सकीय सेवाओं को व्यवस्थित रखा गया है और मरीजों को आवश्यक परामर्श व उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। चिकित्सकों ने लोगों से बुखार लगातार बने रहने, भूख कम लगने, पेट संबंधी परेशानी या अत्यधिक कमजोरी महसूस होने पर तुरंत स्वास्थ्य जांच करवाने की अपील की है। विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात से पहले और गर्मी के इस दौर में संक्रमण फैलने की आशंका अधिक रहती है। ऐसे में व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथों की सफाई और संतुलित आहार अपनाकर टायफाइड से बचाव किया जा सकता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 17, 2026, 23:08 IST
Una News: जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में एक हफ्ते में आए टायफाइड के 80 मामले #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
