Mandi News: सुख-आश्रय योजना से 791 बच्चों को मिला सहारा
मंडी। माता-पिता का साया खो चुके बच्चों को सुरक्षित भविष्य और आत्मनिर्भरता की राह देने के लिए चलाई जा रही मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना जिले में जरूरतमंद बच्चों का सहारा बन रही है।योजना के तहत मंडी जिले के 791 अनाथ एवं अर्ध-अनाथ बच्चों को लाभान्वित किया गया है। वित्तीय वर्ष 2023-24 से 30 सितंबर 2026 तक इन पर 12.94 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं।योजना के तहत पूर्ण अनाथ बच्चों को चार हजार रुपये प्रतिमाह सामाजिक सुरक्षा राशि दी जा रही है। इस मद में 6.53 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुए हैं। इसके अलावा बच्चों को पोषण अनुदान और त्योहार मनाने के लिए उत्सव भत्ता भी दिया जा रहा है।शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में भी बच्चों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब तक 72 बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए करीब 36 लाख रुपये और 50 बच्चों को व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए 26 लाख रुपये से अधिक की मदद दी गई है। वहीं, 23 बच्चों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए 42.46 लाख रुपये प्रदान किए गए हैं।योजना के तहत 65 लाभार्थियों को विवाह के लिए 1.29 करोड़ रुपये और 108 बच्चों को मकान निर्माण के लिए 2.10 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। इसके अलावा तीन भूमिहीन पूर्ण अनाथ बच्चों को दो-दो बिस्वा भूमि आवंटित की गई है।उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि योजना का लाभ पात्र बच्चों तक पहुंचाने के लिए नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि उन्हें शिक्षा, आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भर बनने के बेहतर अवसर मिल सकें।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 01, 2026, 22:29 IST
Mandi News: सुख-आश्रय योजना से 791 बच्चों को मिला सहारा #791ChildrenFindSupportThroughTheSukh-AshrayScheme #SubahSamachar
