Ambala News: चार प्रमुख परियोजनाओं का कार्य 76 फीसदी पूरा
अंबाला। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया से जुड़े प्रोजेक्ट्स का इंतजार कर रहे लोगों के लिए बड़ी और राहत भरी खबर है। क्षेत्र की चार प्रमुख बड़ी परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है, जिसका लगभग 76 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस साल के अंत तक इन चारों परियोजनाओं का काम पूरा हो जाएगा और लोगों को हाईवे की सौगात मिल जाएगी। इन परियोजनाओं में सबसे महत्वपूर्ण अंबाला रिंग रोड और अंबाला-शामली परियोजना शामिल हैं। इन दोनों हाईवे के चालू होने से न सिर्फ वाहन चालकों का समय बचेगा, बल्कि अंबाला और आसपास के जिलों को ट्रैफिक जाम की बड़ी समस्या से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।इन परियोजनाओं की राह इतनी आसान नहीं थी। शुरुआती चरण में इन्हें पूरा करने में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सबसे पहले निर्माण कार्य के लिए मिट्टी की उपलब्धता को लेकर बड़ी समस्या खड़ी हो गई थी। इसके बाद, रास्ता न देने के आरोप लगाते हुए किसानों ने भी लंबा विरोध प्रदर्शन किया। इस वजह से कई महीनों तक काम पूरी तरह ठप रहा और परियोजनाओं की रफ्तार सुस्त पड़ गई। अब इन परियोजनाओं को इसी साल पूरा करना है। प्रशासन और एनएचएआई के अधिकारियों द्वारा किसानों से बातचीत कर गतिरोध को समय रहते सुलझा लिया गया। मिट्टी की किल्लत दूर होने और किसानों का विरोध खत्म होने के बाद अब निर्माण कार्य ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। दिन-रात चल रहे काम की बदौलत करीब 80 फीसदी निर्माण पूरा हो चुका है। एनएचएआई के अधिकारियों का कहना है कि बचे हुए 20 प्रतिशत काम को भी तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि साल के अंत तक इन रूट्स पर वाहनों का फर्राटा भरना शुरू हो सके। ब्यूरो
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 30, 2026, 02:42 IST
Ambala News: चार प्रमुख परियोजनाओं का कार्य 76 फीसदी पूरा #76%OfTheWorkOnFourMajorProjectsIsComplete. #SubahSamachar
