Una News: प्रथम चरण में 668 अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया चुनावी पूर्वाभ्यास

ऊना। हिमाचल प्रदेश में आगामी पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनावी प्रक्रिया को लेकर प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं, वहीं मतदान दलों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित ऊना कॉलेज में पहले स्तर की रिहर्सल आयोजित की गई। पूर्वाभ्यास कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी अभिषेक मित्तल ने की। प्रथम चरण के इस चुनावी पूर्वाभ्यास में कुल 668 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनमें 178 पीठासीन अधिकारी तथा 490 मतदान अधिकारी शामिल रहे। एसडीएम ने बताया कि मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक संपन्न करवाई जाएगी। पूर्वाभ्यास के दौरान मतदान केंद्रों पर अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं, निर्वाचन सामग्री के प्रबंधन, मतदान की विधि तथा अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। एसडीएम ने बताया कि दूसरे चरण की चुनावी रिहर्सल 18 मई तथा तीसरे चरण का पूर्वाभ्यास 24 मई को राजकीय डिग्री कॉलेज ऊना में आयोजित किया जाएगा।हिमाचल प्रदेश में होने वाले पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिला प्रशासन की ओर से अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ पालन सुनिश्चित किया जाए।मतदान केंद्रों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने और मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के तहत 26, 28 और 30 मई को मतदान करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत प्रधान पद के चुनाव की मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद उसी दिन कर ली जाएगी, जबकि बीडीसी और जिला परिषद चुनाव के मतों की गणना 31 मई को निर्धारित केंद्रों पर की जाएगी। इस अवसर पर बीडीओ रमनवीर चौहान, बाल विकास अधिकारी शिव सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर विकास सैणी, दीपक जोशी सहित मतदान प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 13, 2026, 17:50 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: प्रथम चरण में 668 अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया चुनावी पूर्वाभ्यास #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar