UP: झाड़ियों में मिले 64 मोबाइल, साइबर अपराधियों के इस्तेमाल करने की आशंका; जांच में जुटी पुलिस
मथुरा के गोवर्धन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नहर किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 64 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि ये मोबाइल चोरी के हो सकते हैं या फिर इनका इस्तेमाल साइबर अपराधों में किया गया हो। पुलिस ने सभी मोबाइल कब्जे में लेकर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि एसआई चौधरी सतेंद्र सिंह टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि मुड़सेरस से दौलतपुर जाने वाली नहर के पटरी के पास झाड़ियों में बड़ी संख्या में मोबाइल छिपाए गए हैं। टीम मौके पर पहुंची और झाड़ियों के नीचे दबाई गई एक सफेद बोरी बरामद की। बोरी खोलने पर उसमें से 64 एंड्रॉयड मोबाइल फोन मिले। कई मोबाइल की स्क्रीन टूटी हुई थी। जबकि कुछ मोबाइल ऑन मिले। सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह ने बताया कि बरामद मोबाइलों के ईएमआई नंबरों के आधार पर उनके असली मालिकों की पहचान की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि इनका इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉलिंग या अन्य साइबर अपराधों में तो नहीं हुआ था। मामले में गहनता के साथ जांच की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 17:59 IST
UP: झाड़ियों में मिले 64 मोबाइल, साइबर अपराधियों के इस्तेमाल करने की आशंका; जांच में जुटी पुलिस #CityStates #Mathura #UpPolice #SubahSamachar
