जालंधर में दर्दनाक हादसा: पिता की आंखों के सामने पांच साल के मासूम की मौत, सिर के ऊपर से गुजर गया ट्रक का टायर
जालंधर के लोहियां खास में निर्माणाधीन फ्लाईओवर की सर्विस लेन पर पड़े गहरे गड्ढे ने मासूम की जिंदगी छीन ली। पिता की आंखों के सामने ही बच्चे की मौत हो गई। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे में जान गंवाने वाले बच्चे की पहचान 5 वर्षीय गुरजोत सिंह के रूप में हुई है। वह अपने पिता शीतल सिंह के साथ स्कूटी पर सवार होकर गांव नवां पिंड खालेवाल से पेट्रोल पंप के पास से लोहियां की ओर जा रहा था। इसी दौरान सर्विस लेन पर पड़े गड्ढे के कारण स्कूटी स्किड हो गई। पीछे बैठा बच्चा उछलकर सड़क के बीच गिर गया और सामने से आ रहे ट्रक के अगले टायर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चे को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला और उसे जोसन हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में पिता सड़क किनारे गिर गया और बाल-बाल बच गया। इस दर्दनाक घटना से गांव नवां पिंड खालेवाल समेत पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई न करने की अपील की है। पुलिस ने ट्रक चालक बाबू राम और ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार ट्रक नासिक से जालंधर आ रहा था। आगे की कार्रवाई पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर निर्माणाधीन परियोजनाओं के आसपास खराब सड़क हालात और लापरवाही को उजागर करता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 22, 2026, 09:35 IST
जालंधर में दर्दनाक हादसा: पिता की आंखों के सामने पांच साल के मासूम की मौत, सिर के ऊपर से गुजर गया ट्रक का टायर #Crime #Jalandhar #Chandigarh-punjab #Child #Accident #Punjab #SubahSamachar
